क्या खूब हैं महेंद्र सिंह धोनी
महेंद्र सिंह धोनी समय के साथ तो चलते हैं समय से आगे चलने में भी उनका कोई जोड़ीदार नहीं है. महेंद्र सिंह धोनी को यह पहले ही मालूम था कि क्रिकेट सदा के लिए नहीं है. सो जो सदा के लिए उनके साथ होगा वे उस राह पर समय रहते ही चल पड़े थे. महेंद्र सिंह धोन ने कभी क्रिकेट और ग्लैमर की चकाचौंध को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. महेंद्र सिंह धोनी धरातल से जुड़े रहे और हमेशा आगे क्या करना है इस पर सोचते ही नहीं रहे बल्कि अपने करीबियों के साथ मिलकर इस योजना का आगे भी बढ़ाया. आज हम धोनी के ऐसे ही कामों के बारे में बात करने जा रहे हैं जिसने धोनी को क्रिकेटर के अलावा एक बिजनेसमैन के रूप में भी पहचान दिलाई है.
Photo Credit: mahendra singh dhoni
महेंद्र सिंह धोनी की आजादी
महेंद्र सिंह धोनी ने 15 अगस्त, 2020 को देश की आजादी के दिन ही शाम को अपने को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से अलग कर लिया. यानी अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का समापन घोषित कर दिया है. यह अलग बात है कि उन्होंने आईपीएल के साथ अपना जुड़ाव बरकरार रखा. इस साल के आईपीएल में भी वे खेलते हुए दिखेंगे.
धोनी का कपड़ों का ब्रैंड और फुटवियर ब्रैंड
महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2016 में कपड़ों और फुटवियर ब्रैंड Seven (सेवन) शुरू किया था. फुटवियर ब्रैंड सेवन धोनी के स्वामित्व में है जबकि कपड़ों में आरएस सेवन नाम की कंपनी भी हिस्सेदार है.
महेंद्र सिंह धोनी के जिम की चेन
महेंद्र सिंह धोनी यदि फिट न होते तो शायद उन्हें इतनी लोकप्रियता भी न मिलती. विकेट के पीछे शानदार कैच और धोनी के लंबे बालों वाला स्टाइल. पाकिस्तान में कीपरिंग और बैटिंग दोनों ही आंखों के सामने ताजा हो उठती है.
फिटनेस के लिए धोनी का जिम से लगाव बिना कहे ही समझ में आ जाता है. ऐसे में धोनी का फिटनेस के बिजनेस में उतरना कोई आश्चर्य की बात नहीं. धोनी का जिम का कारोबार भी है. देश में करीब 200 से ज्यादा जिम की चेन धोनी के नाम है.
खेल मैनेजमेंट कंपनी
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रहे महेंद्र सिंह धोनी यह जानते थे कि छोटे शहर से निकलकर क्रिकेट में अपनी जगह बनाना और जगह ही नहीं बनाना ब्रैंड एनडॉर्समेंट करना. यानि क्रिकेट के साथ साथ पैसे कमाने का जो बड़ा जरिया है वह ब्रैंड एनडॉर्समेंट है और इसे कैसे कितना जल्दी समझा जाए यह जरूरी है. धोनी के शुरूआत में जिन दिक्कतों का सामना करना पड़ा होगा वह उससे सीख ले चुके थे और उन्हें अपनी ही स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी बना ली. इसका मकसद साफ है कि ब्रैंड प्रमोशन में नए क्रिकेटरों को खासतौर पर जिनका बैकग्राउंड कमजोर है उन्हें दिक्कत न आए. उन्होंने अपनी इस कंपनी के जरिए उभरते क्रिकेटरों और बाजार की मांग के बीच एक पुल का काम किया है. कई नामी क्रिकेटर धोनी की इस कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं.
नए वेंचर जैसे खाताबुक को फंडिंग
पैसे से पैसा कमाना और कहें कि पैसे का उपयोग करना ताकि दूसरे लोग भी आगे बढ़ें. यह भी सीख महेंद्र सिंह धोनी देते हैं. नेट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार बेंगलुरु की स्टार्ट-अप कंपनी खाताबुक में भी महेंद्र सिंह धोनी ने कुछ निवेश किया है. महेंद्र सिंह धोनी इसके ब्रैंड एंबेसेडर भी हैं.
खेल में रुचि नहीं छिपा पाए धोनी, हॉकी और फुटबाल की टीम बनाई
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का क्रिकेट ही नहीं बाकी कुछ खेलों से भी लगाव रहा है. वह फुटबॉल, गोल्फ में भी हाथ आजमाते हुए दिखाई दे जाते हैं. इंडियन सुपर लीग में चेन्नईयिन एफसी में फुटबॉल टीम के भी मालिक महेंद्र सिंह धोनी हैं. इसके साथ ही धोनी एक हॉकी टीम रांची रेज के सह-मालिक भी हैं.
माही रेसिंग टीम न हो तो कैसे चलेगा
महेंद्र सिंह धोनी का रेस या कहें स्पीड से प्रेम जगजाहिर है. बाइक का प्रेम इतना है कि उनके पास दुनिया की हर शानदार बाइक का कलेक्शन है. शौक भी उन्हें लगा था उस समय की सबसे शानदार बाइक यामाह आरएक्स 100 की वजह से... बाइक के अलावा कई शानदार कारों का जखीरा भी धोनी के गैरेज की शान है. खैर जिस आदमी को रेस और स्पीड का शौक हो वह रेसिंह टीम न बनाए ऐसा कैसे हो सकता है. युवाओं को रेस पसंद है और धोनी भविष्य के हिसाब की सोच रखने वाले क्रिकेटर रहे हैं. ऐसे में धोनी ने 'माही रेसिंग टीम इंडिया' नाम की अपनी रेसिंग कंपनी भी बनाई है. दक्षिण के ऐक्टर अक्कीनेनी नागार्जुन इस कंपनी में उनके साथ पार्टनर हैं.
शाका हैरी में धोनी का निवेश
‘शाका हैरी' नाम के स्टार्ट-अप में भी महेंद्र सिंह धोनी का निवेश है. ये स्टार्ट अप कंपनी पौधा आधारित प्रोटीन बनाती है. इंटरनेट पर मिली जानकारी के अनुसार इस कंपनी में धोनी के अलावा मनु चंद्रा जैसे निवेशक भी हैं.
रांची से लगाव और खेती बाड़ी
महेंद्र सिंह धोनी चाहते तो दुनिया के किसी भी शहर में घर बनाकर रह सकते थे. मुंबई की चमकधमक तक अपने को सीमित कर सकते थे. लेकिन उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया. इसलिए धोनी कुछ खास थे, हैं और बने रहेंगे. धोनी ने रांची में फॉर्महाउस बनाया है. यहां पर वे खेती-बाड़ी भी करते हैं. बताया जाता है कि यहां पर धोनी अपना ज्यादातर समय व्यतीत करते हैं. उनके पास 43 एकड़ के फॉर्म हाउस हैं और 10 एकड़ की ज़मीन में खेती करते हैं.
धोनी का खाने पीने से लगाव
धोनी का सिंघाड़ा प्रेम फिल्म में तो सबने देखा है. इससे साफ है कि महेंद्र सिंह धोनी को खाने-पीने का शौक है. यही कारण रहा कि धोनी खाद्य और पेय स्टार्ट-अप 7InkBrews में भी हिस्सेदारी ली है. 7InkBrews ने कॉप्टर 7 के ब्रैंड के नाम से चॉकलेट लॉन्च की. इसका नाम महेंद्र सिंह धोनी के जाने-माने हैलिकॉप्टर शॉट से प्रेरित बताया जाता है. साथ ही इसका नाम धोनी के जर्सी नंबर 7 से भी प्रेरित बताया जाता है. मिली जानकारी के अनुसार मुंबई की इस कंपनी की स्थापना मोहित भागचंदानी ने की थी.
अपने शहर का विकास
झारखंड की राजधानी रांची में महेंद्र सिंह धोनी का होटल भी है, जिसका नाम माही रेजीडेंस है. उनके होटल की यह एक ही फ्रेंचाइज़ी है.
धोने के बेंगलुरु के टॉप क्लास स्कूल
महेंद्र सिंह धोनी का दक्षिण के राज्यों से खास लगाव रहा है. चेन्नई की टीम का वे हिस्सा है और कर्नाटक में स्कूल चलाते हैं. महेंद्र सिंह धोनी बेंगलुरु में एक स्कूल के मालिक हैं. धोनी का यह स्कूल बेंगलुरु के एचएसआर लेआउट में स्थित है, जिसका नाम ‘एमएस धोनी ग्लोबल स्कूल इंग्लिश मीडियम है.' खास बात यह है कि धोनी ने अपने स्कूल में प्रोग्रामिंग के लिए माइक्रोसॉफ्ट से टाई-अप किया है.
प्रोडक्शन हाउस
एड शूट करते करते महेंद्र सिंह धोनी को फिल्मों से लगाव होना तो तय ही था. एक समय महेंद्र सिंह धोनी के नाम के साथ बॉलीवुड की हिरोइनों के साथ भी लिया जाने लगा था. लेकिन जल्द ही सबकुछ साफ हो गया. इसके चलते धोनी का लाइट कैमरा ऐक्शन से लगाव हो गया. यही कारण है कि महेंद्र सिंह धोनी के पास एक फिल्म प्रोडक्शन हाउस भी है. इस प्रोडक्शन हाउस की प्रमुख कार्यकारी उनकी पत्नी साक्षी धोनी ही हैं. बताया जाता है कि यह प्रोडक्शन हाउस तमिल फिल्में पर फोकस रखेगा.
ड्रोन से लगाव आगे की सोच गरुड़ एयरोस्पेस में निवेश
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान ने ‘गरुड़ एयरोस्पेस' नामक एक कंपनी में भी इंवेस्ट किया है. यह कंपनी ड्रोन बनाती है. महेंद्र सिंह धोनी इस कंपनी के ब्रैंड एंबेसेडर भी हैं. इस कंपनी में धोनी का कितना मालिकाना हक है इस बारे में कोई जानकारी नहीं है.
GQ India के मुताबिक धोनी की नेटवर्थ करीब 750 से 800 करोड़ रुपये के करीब है. बता दें कि साल 2014 और 2015 वो इकलौते भारतीय एथलीट थे, जिन्हें फोर्ब्स के टॉप 100 एथलीट में जगह मिली थी.