खास बातें
- नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने मंगलवार को संकटग्रस्त विमानन कम्पनी किंगफिशर को बुधवार तक संशोधित उड़ान योजना पेश करने का निर्देश दिया है।
नई दिल्ली: नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने मंगलवार को संकटग्रस्त विमानन कम्पनी किंगफिशर को बुधवार तक संशोधित उड़ान योजना पेश करने का निर्देश दिया है। किंगफिशर एयरलाइंस के विमानों के रद्द होने से मंगलवार को चौथे दिन भी यात्रियों को घोर परेशानी का सामना करना पड़ा। मंगलवार को विमानन कम्पनी ने 64 में से 28 विमानों का संचालन किया।
महानिदेशालय ने कम्पनी के विमानों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच का भी निर्देश दिया है।
नागरिक उड्डयन महानिदेशक ईके भारत भूषण ने विमानन कम्पनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय अग्रवाल से मुलाकात की और कम्पनी से उड़ान रद्द किए जाने पर स्पष्टीकरण लिया।
अग्रवाल से मुलाकात के बाद भूषण ने संवाददाताओं से कहा, "हम ग्राहकों की परेशानी नहीं चाहते हैं। हमने कल (बुधवार) तक उनसे संशोधित उड़ान योजना पेश करने के लिए कहा है।"
विमानन कम्पनी ने दूसरी बार अचानक अपनी उड़ानों की संख्या घटाई है। कम्पनी ने कठिन स्थिति का हवाला देते हुए नवम्बर में उड़ानों की संख्या अचानक घटा दी थी। नवम्बर से मार्च की शीत अवधि में कम्पनी ने 64 विमानों के साथ 400 उड़ानों की अनुमति के लिए आवेदन किया था।
महानिदेशालय ने कहा, "हमने आज पता लगाया है कि कम्पनी के 64 में से 28 विमान ही सक्रिय हैं।"
महानिदेशालय के अनुमान के मुताबिक 28 विमानों के साथ कम्पनी हर सप्ताह लगभग 175 उड़ानें ही संचालित कर सकती है।
नियामक ने हालांकि इस वक्त किसी भी दंडात्मक कार्रवाई की बात से इनकार किया।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री अजित सिंह ने मंगलवार को कहा कि सरकार विमानन कम्पनी के लिए बैंक ऋण की वकालत नहीं कर सकती।
सिंह ने यहां पत्रकारों से कहा, "डीजीसीए ने यात्रियों को सूचित नहीं किए जाने के कारण स्पष्टीकरण की मांग की है। उड़ानें रद्द किए जाने के बारे में खुद डीजीसीए को भी सूचित नहीं किया गया। यह नियमों के खिलाफ है और इसके कारण यात्रियों को परेशानी हुई।"
सिंह ने कहा कि किंगफिशर की बातों को सुनना जरूरी है और यह जानना होगा कि संकट से निकलने के लिए उसने क्या योजना बनाई है।
सिंह ने कहा, "हमें किंगफिशर की बातों को सुनना होगा। जब कभी भी बड़ी कम्पनी बंद होती है तो इससे लोग प्रभावित होते हैं लेकिन आप इस बारे में आश्वस्त रहिए कि हम ऐसी वकालत नहीं करने जा रहे हैं कि बीमार कम्पनियों को बैंकों को ऋण मुहैया कराना चाहिए।"
बम्बई स्टॉक एक्सचेंज में कम्पनी के शेयर मंगलवार को 20 फीसदी की गिरावट के साथ 21.40 रुपये पर पहुंच गए लेकिन बाद में आश्चर्यजनक रूप से शेयर गिरावट से उबर गए और 0.75 फीसदी तेजी के साथ 26.80 रुपये पर बंद हुए।
विमानन कम्पनी ने हालांकि कहा कि रद्द की गई उड़ानों को दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।
अग्रवाल ने कहा, "पिछले कुछ दिनों में रद्द हुई अधिकतर उड़ानें अगले चार से पांच दिनों में वापस शुरू हो जाएंगी।"