खास बातें
- विनिर्माण क्षेत्र में सुधार तथा पूंजीगत वस्तुओं की बेहतर मांग से जून माह में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर मामूली सुधार के साथ 8.8 प्रतिशत रही है।
New Delhi: विनिर्माण क्षेत्र में सुधार तथा पूंजीगत वस्तुओं की बेहतर मांग से जून माह में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर मामूली सुधार के साथ 8.8 प्रतिशत रही है। शुक्रवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, जून, 2010 में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 7.4 प्रतिशत रही थी। चालू वित्तवर्ष के पहले तीन माह (अप्रैल से जून) में औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर 6.8 प्रतिशत रही है, जो इससे पिछले वित्तवर्ष की पहली तिमाही में 9.6 प्रतिशत रही थी। औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में 75 फीसदी की हिस्सेदारी रखने वाले विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि दर जून, 2010 में बढ़कर 10 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो पिछले साल के जून माह में 7.9 फीसदी रही थी। इस माह के दौरान पूंजीगत वस्तुओं के उठाव में 37.7 प्रतिशत का जोरदार इजाफा हुआ, जो जून, 2010 में मात्र 3.7 प्रतिशत रहा था। इसी तरह, माह के दौरान बिजली क्षेत्र का उत्पादन 7.9 प्रतिशत बढ़ा, जून, 2010 में इस क्षेत्र की वृद्धि दर 3.5 प्रतिशत रही थी। हालांकि जून माह में खनन क्षेत्र के उत्पादन में गिरावट आई है। माह के दौरान खनन क्षेत्र की वृद्धि दर मात्र 0.6 प्रतिशत रही है, जो पिछले साल के इसी महीने में 6.9 फीसदी रही थी। गैर टिकाऊ उपभोक्ता सामान (एफएमसीजी) क्षेत्र की वृद्धि दर में माह के दौरान गिरावट आई। इस क्षेत्र की वृद्धि दर 2.1 प्रतिशत रही, जो पिछले साल के इसी माह में 7.5 फीसदी रही थी। टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं का उत्पादन तो जून में मात्र एक प्रतिशत ही बढ़ पाया, जो पिछले साल के इसी माह में 21.2 फीसदी रहा था।