मनमोहन से मुलाकात करते शिंजो एबे
नई दिल्ली:
जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे ने दिल्ली मेट्रो के विस्तार के लिए दो अरब डॉलर का कर्ज देने का ऐलान किया। एबे ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ मुलाकात के बाद यह घोषणा की। दिल्ली मेट्रो के तीसरे चरण के विस्तार पर करीब 35,242 करोड़ रुपये की लागत आएगी। तीसरे चरण के विस्तार में 67 स्टेशन बनने हैं। इसके मार्च, 2016 तक पूरा होने का अनुमान है।
भारत की तीन दिनों की सरकारी यात्रा पर आए जापान के प्रधानमंत्री शिंजो एबे और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह आर्थिक मजबूती और रणनीतिक सहयेाग बढ़ाने पर वार्ता की। दोनों पक्षों ने पर्यटन बढ़ाने सहित आठ समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
अबे को गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि हैं। उन्होंने द्विपक्षीय सहयोग की 'प्रतीकात्मक परियोजनाओं' के लिए कर्ज गठित करने की भी घोषणा की। इसमें दिल्ली मुंबई औद्योगिक कॉरिडोर और उच्च गति वाली रेल परियोजना शामिल हैं।
असैनिक परमाणु समझौते के बारे में एबे ने कहा कि दोनों पक्ष 'समझौते के शीघ्र पूरा होने' के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमत हो गए हैं। लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने को प्रोत्साहन देने के लिए जापान ने भारतीयों के लिए लघु अवधि का वीजा और शैक्षणिक एवं अकादमिक आदान प्रदान को प्रोत्साहन देने की भी घोषण की।
एबे और उनकी पत्नी अकिए एबे शनिवार को नई दिल्ली पहुंचे और सीधे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से मुलाकात करने राष्ट्रपति भवन गए। एबे का स्वागत करते हुए राष्ट्रपति मुखर्जी ने खुशी जाहिर की कि पहली बार जापान के प्रधानमंत्री गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।