यह ख़बर 26 दिसंबर, 2014 को प्रकाशित हुई थी

इटैलियन मोटरसाइकिल बेनेली की इंडियन एंट्री

नई दिल्ली:

इटैलियन गाड़ियों का जिक्र आते ही हमारे जेहन में एक से एक दमदार और खूबसूरत कारों, मोटरसाइकिलों और स्कूटरों की तस्वीरें आती हैं। चाहे तेज तर्रार खूबसूरती हो फेरारी या लैंबोर्गिनी जैसी सुपर कारों की, डुकाटी जैसी मोटरसाइकिल हों या फिर कूल दिखने वाले स्कूटर हों, चाहे वेस्पा हो या लैंब्रेटा, जिसे ना सिर्फ आज के रफ्तार प्रेमी पसंद करते हैं, बल्कि पुराने जमाने के हिंदुस्तानी भी। लेकिन इस फेहरिस्त में बेनेली ऐसा नाम नहीं रहा है। यह भी एक मोटरसाइकिल ब्रांड है और इस बीच में अगर बेनेली का नाम हम ले रहे हैं तो इसकी यही वजह है कि इस कंपनी ने भी दुनिया के दूसरे सबसे बड़े मोटरसाइकिल बाजार में आखिरकार एंट्री मार ली है।

सबसे पुरानी इटैलियन मोटरसाइकिल कंपनी ने ऐलान किया है कि वह भारत में अपनी पांच मोटरसाइकिल उतारने वाली है। TNT 302, TNT 600 GT, TNT 600i, TNT 899, TNT 1130 R
 
यहां पर TNT का मतलब है, Tornado Naked Tre, हालांकि इनकी कीमतों का अभी ऐलान नहीं हुआ है, अभी औपचारिक लॉन्च का इंतज़ार है। कंपनी फिलहाल अपनी डीलरशिप को अंतिम रूप देने में लगी है। कंपनी की योजना है कि वह भारत में अगले 6-8 महीने में 20 डीलरशिप बनाएगी, जिनमें से आठ बड़े शहरों में तीन-चार महीनों में सबसे पहले डीलरशिप शुरू होंगे, जिनमें मौजूदा मेट्रो शहर शामिल हैं। खबर यह भी है कि कंपनी इन स्पोर्ट्स बाइक्स के साथ छोटी मोटरसाइकिलें उतारने की भी सोच रही है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

100 साल से पुरानी यह इटैलियन कंपनी फिलहाल चाइनीज़ कियानजियांग ग्रुप का हिस्सा है। अब वह भारत में डीएसके मोटोव्हील्स के साथ आई है, जो इन मोटरसाइकिलों को फिलहाल पुणे में असेंबल करेगी, बेचेगी और सर्विस-स्पेयर पार्ट का ज़िम्मा उठाएगी।