खास बातें
- इस बाजार जून महीने में मुद्रास्फीति में गिरावट के बीच वित्त मंत्रालय ने कहा कि खाद्य आपूर्ति की स्थिति सुधार के साथ महंगाई में घटने की प्रवृत्ति आगे भी बने रहने की संभावना है।
नई दिल्ली: इस बाजार जून महीने में मुद्रास्फीति में गिरावट के बीच वित्त मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि खाद्य आपूर्ति की स्थिति सुधार के साथ महंगाई में घटने की प्रवृत्ति आगे भी बने रहने की संभावना है।
वित्त राज्यमंत्री नमो नारायाण मीणा ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि घटने की यह प्रवृत्ति जारी रहेगी।’’ उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने दक्षिण पश्चिम मानसून के बारे में जो भविष्यवाणी की है, वह अभी भी सकारात्मक है। बारिश में जो कमी थी, उसकी कुछ भरपाई पिछले दो सप्ताह में हुई है।
मीणा ने कहा, ‘‘खाद्य जिंसों की उपलब्धता बढ़ने की संभावना है और इससे आपूर्ति संबंधी बाधा दूर होगी।’’ उन्होंने कहा कि जून महीने में मुद्रास्फीति में कमी का कारण कुछ गैर-खाद्य जिंसों तथा ईंधन की कीमतों में सालाना आधार पर कमी है।
थोक मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति जून महीने में घटकर 7.25 प्रतिशत पर आ गई जो इससे पूर्व महीने में 7.55 प्रतिशत थी।
सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने मई महीने में पेट्रोल की कीमतों में 7.54 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की थी लेकिन जून महीने में दो किस्तों में 4.5 रुपये प्रति लीटर की कटौती की।
विनिर्मित उत्पादों की श्रेणी में सूती कपड़ा, रबड़ तथा प्लास्टिक उतपाद, लोहा एवं मशीनरी की कीमतों में वृद्धि की दर सालाना आधार पर कम रही।
राष्ट्रपति चुनाव लड़ने के कारण वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी के इस्तीफे के बाद मीणा को मंत्रालय में अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है।