नई दिल्ली:
सिटीग्रुप का अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की वृद्धि दर 5.6 प्रतिशत रहेगी। इस बैंकिंग संस्थान ने यह अनुमान ऐसे समय में लगाया है, जबकि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर घटकर 5.3 प्रतिशत रह गई।
सिटीग्रुप की रिपोर्ट में कहा गया है कि विधानसभा चुनावों के बाद सुधारों को मिली रफ्तार, नकदी की स्थिति में सुधार से भारतीय अर्थव्यवस्था की उज्ज्वल तस्वीर दिखाई देती है।
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में जीडीपी की वृद्धि दर 5.3 प्रतिशत रही है, जो पहली तिमाही में 5.7 प्रतिशत रही थी। हालांकि वित्त वर्ष की पहली छमाही में वृद्धि दर 5.5 प्रतिशत रही, जो पिछले वित्त वर्ष की पहली छमाही के 4.9 प्रतिशत से अधिक है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि विधानसभा चुनाव के बाद सुधारों की रफ्तार, नकदी की स्थिति में सुधार व परियोजनाओं को तेजी से मंजूरी के चलते हमने पूरे वित्त वर्ष के लिए अपने 5.6 प्रतिशत की वृद्धि दर के अनुमान को कायम रखा है, जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 4.7 प्रतिशत था।