खास बातें
- घरेलू स्तर पर बहुत मोल भाव करने वाले भारतीयों ने बीते साल विदेशों में होटल पर औसतन 6,722 रुपये प्रति रात्रि के हिसाब से खर्च किया।
New Delhi: पिछले साल विदेश यात्रा के दौरान होटल पर सबसे अधिक खर्च करने के लिहाज से भारतीय दुनिया में छठें स्थान पर रहे हैं। घरेलू स्तर पर बहुत मोल भाव करने वाले भारतीयों ने बीते साल विदेशों में होटल पर औसतन 6,722 रुपये प्रति रात्रि के हिसाब से खर्च किया। होटल्स डॉट कॉम ने अपने सर्वेक्षण होटल प्राइस इंडेक्स में यह निष्कर्ष निकाला है। इसके अनुसार होटल खर्च के लिहाज से भारतीयों ने ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी तथा सिंगापुर के यात्रियों को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि घरेलू यात्रा में होटल खर्च के हिसाब से भारतीय 12वें नंबर पर आते हैं और 2010 में उन्होंने इस मद में औसतन 4,136 रुपये प्रति रात्रि खर्च किए। होटल्स डॉट कॉम के विपणन निदेशक (एशिया प्रशांत) अभिराम चौधरी ने कहा कि भारतीय यात्री विश्व यात्रा बाजार में बड़े राशि खर्च करने वालों के रूप में सामने आ रहे हैं। विदेश यात्रा के दौरान होटल पर सबसे अधिक खर्च करने वालों की सूची में अमेरिकी यात्री (7309 रुपये) पहले स्थान पर हैं। इसके बाद क्रमश: रूस व जापान है। वहीं भारतीयों के लिए सबसे महंगे शहरों में न्यूयॉर्क पहले नंबर पर बना हुआ है।