नई दिल्ली:
यूपीए सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि देश ने पिछले 10 साल में जबरदस्त विकास हासिल किया है और अगले दशक में भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
चिदंबरम ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सम्मेलन में कहा कि अब समय आ गया है कि संसद के चुनावों के लिए कम से कम 272 उम्मीदवार 35 साल से कम उम्र के लड़ाए जाएं, ताकि युवाओं का सशक्तीकरण किया जा सके और उन्हें और अधिकार एवं जिम्मेदारी प्रदान की जा सके। चिदंबरम ने कहा कि पिछले 10 साल भारत के लिए जबरदस्त विकास वाले रहे और आने वाले 10 साल भी जबरदस्त विकास वाले होंगे। भारत की जनता एक बार फिर कांग्रेस को जिम्मेदारी सौंपेगी।
सरकार की उपलब्धियों का स्मरण कराते हुए वित्तमंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल में सोनिया गांधी के दिशानिर्देश और मनमोहन सिंह के नेतृत्व में दो सरकारों ने विकास, समावेशी विकास और सामाजिक न्याय के वादे को काफी हद तक पूरा किया है। कांग्रेस नेताओं से विकास का संदेश प्रचारित करने पर जोर देते हुए चिदंबरम ने कहा कि आज अधिक लोगों के बैंक खाते हैं, स्वास्थ्य पर अधिक धन खर्च हो रहा है और गांवों में सड़कों का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने अनुसूचित जाति, जनजाति एवं समाज के अन्य कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए काफी कुछ किया है।