खास बातें
- बीते वित्त वर्ष में 4.1 करोड़ लोगों ने आयकर रिटर्न दाखिल किए जिसमें से 91.57 लाख लोगों ने ऑनलाइन रिटर्न दाखिल किए।
मुंबई: चालू वित्त वर्ष में पांच करोड़ से अधिक लोगों द्वारा आयकर का भुगतान किए जाने की संभावना है जिसमें से दो करोड़ लोग आयकर का भुगतान करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक माध्यम का उपयोग कर सकते हैं। ऑनलाइन कर सेवा उपलब्ध कराने वाले पोर्टल टैक्ससमडॉटकॉम के चेयरमैन संजय कपाड़िया ने बताया, हमारा अनुमान है कि चालू वित्त वर्ष में पांच करोड़ से अधिक लोग आयकर का भुगतान करेंगे जिसमें से दो करोड़ लोग इसके लिए ऑनलाइन माध्यम का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि ये अनुमान पिछले कुछ वर्ष के दौरान दर्ज किए गए रुख पर आधारित है। कपाड़िया ने कहा कि बीते वित्त वर्ष में 4.1 करोड़ लोगों ने आयकर रिटर्न दाखिल किए जिसमें से 91.57 लाख लोगों ने ऑनलाइन रिटर्न दाखिल किए। उन्होंने अनुमान जताया कि 2015-16 में 10 करोड़ से अधिक लोग रिटर्न दाखिल करेंगे जिसमें से साढ़े सात से आठ करोड़ लोग ऑनलाइन रिटर्न दाखिल करेंगे। उन्होंने कहा कि देश में 120 करोड़ लोगों में से केवल 60 प्रतिशत लोग रोजगार प्राप्त हैं और इनमें से केवल 25 प्रतिशत लोगों की आय 1.8 लाख रुपये (1.8 लाख रुपये तक की आय करमुक्त है) से अधिक है।