खास बातें
- दोपहिया वाहन बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी हीरो मोटोकार्प ने कच्चे माल की लागत बढ़ने के चलते अपने सभी वाहनों के दाम 1,000 रुपये तक बढ़ाने की आज घोषणा की। कीमतों में वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू है।
नई दिल्ली: दोपहिया वाहन बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी हीरो मोटोकार्प ने कच्चे माल की लागत बढ़ने के चलते अपने सभी वाहनों के दाम 1,000 रुपये तक बढ़ाने की आज घोषणा की। कीमतों में वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू है।
हीरो मोटोकार्प ने कहा, ‘‘कच्चे माल की बढ़ती लागत का आंशिक बोझ ग्राहकों पर डालते हुए कंपनी ने अपने ज्यादातर वाहनों की कीमत 500 रुपये से 1,000 रुपये के दायरे में बढ़ाने का निर्णय किया है। नयी कीमतें आज से प्रभावी हैं।’’ कंपनी द्वारा आज जारी वित्तीय नतीजों के मुताबिक, 31 मार्च, 2012 को समाप्त हुई तिमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ 20.33 प्रतिशत बढ़कर 603.59 करोड़ रुपये पहुंच गया। इससे पिछले वित्त वर्ष की चौथी तिमाही में कंपनी ने 501.61 करोड़ रुपये मुनाफा कमाया था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की कुल आय बढ़कर 6,139.90 करोड़ रुपये पहुंच गई जो इससे पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में 5,471.30 करोड़ रुपये थी। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की बिक्री 8 प्रतिशत बढ़कर 15,72,027 वाहनों की रही।
वर्ष 2011-12 में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर 2,378.13 करोड़ रुपये रहा जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 1,927.90 करोड़ रुपये था। बीते वित्त वर्ष में कंपनी की शुद्ध बिक्री बढ़कर 23,579.03 करोड़ रुपये पर पहुंच गई जो इससे पिछले वित्त वर्ष में 19,397.93 करोड़ रुपये की थी।
हीरो मोटोकार्प के चेयरमैन बृजमोहन लाल मुंजाल ने कहा, ‘‘ वित्त वर्ष 2011.12 की शुरुआत हमारे लिए काफी उत्साहजनक रही क्योंकि इस दौरान हमने अकेले यात्रा शुरू की और इस अवधि में 60 लाख से अधिक दोपहिया वाहनों की बिक्री कर हमने रिकार्ड बनाया।’’