खास बातें
- अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत बुधवार को 1,500 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।
Mumbai: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत बुधवार को 1,500 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। वहीं घरेलू बाजार में भी सोने का दिसम्बर वायदा 22,813 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर पर पहुंच गया।हांग कांग स्थित कमोडिटी एक्सचेंज में सोने की कीमतों ने 1,500.70 डॉलर प्रति औंस का रिकॉर्ड स्तर छुआ। चांदी का दाम भी 31 साल के उच्च स्तर 44.34 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना दिसम्बर वायदा का भाव बुधवार को मंगलवार के अंतिम कारोबारी स्तर 22,732 रुपये प्रति 10 ग्राम के मुकाबले 22,770 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला और दोपहर के कारोबार में यह 22,813 रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्च स्तर पर पहुंच गया। सोना अक्टूबर वायदा का दाम भी दोपहर के कारोबार में 22,477 रुपये प्रति ग्राम के उच्च स्तर तक पहुंचा। वहीं चांदी दिसम्बर वायदा का भाव 68,530 रुपये प्रति किलो और सितम्बर वायदा का भाव 67,191 रुपये प्रति किलो की ऊंचाई तक पहुंचा। बीबीसी डॉट को डॉट यूके के मुताबिक जानकारों का कहना है कि विभिन्न देशों के बढ़ते कर्ज, कमजोर डॉलर और बढ़ती महंगाई जैसे कारकों के चलते सोने-चांदी के दामों में वृद्धि का रुख बना हुआ है।