नई दिल्ली: आभूषण विक्रेताओं की सुस्त मांग और कमजोर वैश्विक रुख के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में शनिवार को सोना 250 रुपये गिरकर 26,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के चार माह के निचले स्तर पर आ गया।
औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की कमजोर उठान से चांदी भी बिकवाली दबाव में रही और 250 रुपये घटकर 34,350 रुपये किलो रह गई।
अमेरिकी विकास दर में सुधार के संकेतों के बीच सुरक्षित निवेश के विकल्प के रूप में बहुमूल्य धातुओं का आकषर्ण कम होने से घरेलू हाजिर बाजार में आभूषण और फुटकर विक्रेताओं की मांग कमजोर रही जिससे इन धातुओं की कीमतों पर दबाव रहा।
डॉलर में मजबूती से भी सोने की कीमतें प्रभावित हुई।
घरेलू सर्राफा बाजार का रुख तय करने वाले बाजार, न्यूयॉर्क में सोने का भाव 1,129.60 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर को छूने के बाद अंत में 1,131.90 डॉलर प्रति औंस रह गये जो अप्रैल 2010 के बाद का न्यूनतम स्तर है। चांदी भी एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 14.83 डॉलर प्रति औंस रह गई।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोना 99.9 और 99.5 प्रतिशत शुद्धता की कीमत 250 .250 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 26,000 और 25,850 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। इससे पूर्व यह स्तर 18 मार्च को देखने को मिला था। गिन्नी का भाव भी 100 रुपये घटकर 22,900 रुपये प्रति 8 ग्राम रह गया।
सोने की ही तरह चांदी तैयार भी 250 रुपये घटकर 34,350 रुपये प्रति किलो और साप्ताहिक डिलीवरी का भाव भी 245 रुपये की गिरावट के साथ 34,200 रुपये किलो पर बंद हुई।
चांदी सिक्का 2,000 रुपये घटकर लिवाल 50,000 रुपये और बिकवाल 51,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर बंद हुए।