खास बातें
- सब्जी, फल, दूध, अंडे, दाल व मांस जैसे उत्पादों की कीमतें बढ़ने से खाद्य मुद्रास्फीति 8 अक्टूबर को खत्म सप्ताह में 10.60 फीसदी पर पहुंच गई।
New Delhi: खाद्य मुद्रास्फीति करीब डेढ़ महीने के अंतराल के बाद फिर से दहाई में पहुंच गई और सब्जी, फल, दूध और अंडे, दाल व मांस जैसे उत्पादों की कीमतें बढ़ने से यह 8 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 10.60 फीसदी पर पहुंच गई। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित खाद्य मुद्रास्फीति इससे पिछले सप्ताह 9.32 फीसदी पर थी। खाद्य उत्पादों की मंहगाई दर 2010 की समीक्षाधीन अवधि में 15.72 फीसदी थी। सरकार द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़े के मुताबिक 8 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान सब्जियों के दाम सालाना स्तर पर 17.59 फीसदी बढ़े। वहीं, फल 12.39 फीसदी मंहगे हुए, जबकि दूध की कीमत 10.80 फीसदी और मांस व मछली की कीमत सालाना स्तर पर 14.10 फीसदी बढ़ी। दालें 7.42 फीसदी मंहगी हुईं और अनाजों की कीमत 4.73 फीसदी बढ़ी। हालांकि इस अवधि में प्याज 11.27 फीसदी सस्ता हुआ और गेहूं की कीमत 0.18 फीसदी घटी। खाद्य मुद्रास्फीति ने इससे पहले 20 अगस्त को समाप्त सप्ताह के दौरान दहाई को पार किया था। प्राथमिक उत्पादों की मुद्रास्फीति 8 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 11.18 फीसद रही, जो इसके पिछले सप्ताह 10.60 फीसदी थी। थोक मूल्य सूचकांक में प्राथमिक उत्पादों का योगदान 20 फीसदी है। फाइबर, तिलहन और खनिज समेत गैर-खाद्य उत्पादों की मुद्रास्फीति समीक्षाधीन अवधि में 8.51 फीसदी रही, जबकि 1 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान यह 9.59 फीसदी थी। उक्त अवधि में ईंधन और बिजली के क्षेत्र में मंहगाई दर 15.17 फीसदी रही, जबकि इसके पिछले सप्ताह यह 15.10 फीसदी थी।