यह ख़बर 01 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

फरवरी में निर्यात में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी

खास बातें

  • फरवरी में निर्यात 49.7% बढ़कर 23.59 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि इस महीने आयात कारोबार 21.2% की वृद्धि के साथ 31.7 अरब डॉलर का रहा।
New Delhi:

देश के निर्यात कारोबार में लगातार तेजी का रुख बना हुआ है और फरवरी, 2011 में इसमें 50 प्रतिशत की धमाकेदार वृद्धि दर्ज की गई, जिसकी बदौलत वित्तवर्ष के शुरुआती 11 महीनों में कुल निर्यात 200 अरब डॉलर के पार हो गया। इसके साथ ही उम्मीद बंधी है कि वर्ष 2010-11 में कुल निर्यात 235 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। वाणिज्य एवं उद्योग मंडल के शुक्रवार को जारी निर्यात आंकडों के मुताबिक फरवरी, 2011 में निर्यात 49.7 प्रतिशत बढ़कर 23.59 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि इस महीने आयात कारोबार 21.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 31.7 अरब डॉलर का रहा। वैश्विक आर्थिक मंदी का असर ज्यों-ज्यों दुनिया के देशों से दूर होता गया, निर्यात कारोबार में उछाल आता गया। नवंबर, 2009 के बाद निर्यात कारोबार में लगातार सुधार और तेजी का रुख बना हुआ है। अप्रैल से फरवरी 2010-11 में निर्यात कारोबार की वृद्धि 31.4 प्रतिशत रही और कुल निर्यात 200 अरब डॉलर का आंकड़ा लांघता हुआ 208.23 अरब डॉलर तक पहुंच गया। इस दौरान आयात में 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 305.3 अरब डॉलर तक रहा। निर्यात क्षेत्र के विशेषज्ञों के अनुसार यदि यही रफ्तार बनी रही, तो मार्च में समाप्त पूरे वित्त वर्ष का निर्यात 235 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा। अप्रैल से फरवरी के 11 महीनों की अवधि में निर्यात की तीव्र वृद्धि और आयात में अपेक्षाकृत धीमी रफ्तार के चलते व्यापार घाटा एक साल पहले के 100.25 अरब डॉलर के मुकाबले घटकर 97.07 अरब डॉलर रह गया।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com