यह ख़बर 18 मई, 2012 को प्रकाशित हुई थी

फेसबुक का आईपीओ आज बाजार में, एक शेयर की कीमत 38 डॉलर

खास बातें

  • सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक ने आईटी क्षेत्र की कंपनियों में बड़े आकार का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) पेश कर इतिहास रचा है।
नई दिल्ली:

सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक ने आईटी क्षेत्र की कंपनियों में बड़े आकार का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) पेश कर इतिहास रचा है। आईपीओ के जरिए कंपनी का 16 अरब डॉलर जुटाने का लक्ष्य है।

कंपनी ने बयान में कहा कि नास्दक में ‘एफबी’ संकेतक के साथ कंपनी के शेयरों की बिक्री आज से शुरू होगी। कंपनी ने आईपीओ के लिए शेयर मूल्य 38 डॉलर प्रति शेयर तय किया है। इस शेयर मूल्य के आधार पर सोशल नेटवर्क कंपनी का बाजार मूल्य 104 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा।

फेसबुक ने बयान में कहा कि मार्क जुकरबर्ग के नेतृत्व वाली कंपनी ने 42.1 करोड़ शेयर पेश किया। इसके अलावा, फेसबुक तथा विक्रेता शेयरधारकों ने इश्यू अंडर्राइटर्स को 63,185,042 अतिरिक्त शेयर खरीदने के लिए 30 दिन का विकल्प भी दिया है।

इस अतिरिक्त शेयर की बदौलत फेसबुक आईपीओ के जरिये कुल 18.4 अरब डॉलर की राशि जुटा सकती है। कंपनी का सार्वजनिक निर्गम 22 मई को बंद होगा। फेसबुक ने आईपीओ के लिए मोर्गन स्टेनले, जेपी मोर्गन, गोल्डमैन साक्श, बैंक आफ अमेरिका मेरिल लिंच, सिटीग्रुप तथा ड्यूचे बैंक सिक्योरिटीज जैसी वित्तीय कंपनियों को सलाहकार नियुक्त किया है।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

16 अरब डॉलर के इस आईपीओ के साथ फेसबुक का आईपीओ अमेरिका में अबतक का तीसरा सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम हो गया है। आईपीओ के जरिए सर्वाधिक 17.9 अरब डॉलर 2008 में वीजा के आईपीओ के जरिए जुटाये गए थे।