नई दिल्ली:
सरकार ने शुक्रवार को सोने का आयात शुल्क मूल्य घटाकर 440 डॉलर प्रति 10 ग्राम तथा चांदी का आयात शुल्क मूल्य बढ़ाकर 738 डॉलर प्रति किलो कर दिया है। दोनों कीमती धातुओं के अंतरराष्ट्रीय मूल्यों की घटबढ़ के अनुरूप इसमें बदलाव किया गया है।
मूल्यवान धातुओं का आयात शुल्क मूल्य वह मूल्य होता है, जिस पर सीमा शुल्क लगाया जाता है। सरकार कीमती धातुओं के आयात शुल्क मूल्य तय करती है, ताकि उन पर शुल्क भुगतान में मूल्य संबंधी कोई गड़बड़ नहीं हो सके। सोने का आयात शुल्क मूल्य दो दिन पहले ही बढ़ाकर 442 डॉलर प्रति 10 ग्राम किया गया था, जबकि उस समय चांदी का शुल्क मूल्य 699 डॉलर प्रति किलो पर स्थिर रखा गया था।
सामान्य तौर पर कीमती धातुओं के शुल्क मूल्य में प्रत्येक पखवाड़े समीक्षा की जाती है, लेकिन वैश्विक बाजार में ज्यादा घटबढ़ की वजह से इस बार अचानक इनके शुल्क मूल्य में बदलाव किया गया। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार इस संबंध में केंद्रीय उत्पाद एवं सीमाशुल्क बोर्ड ने अधिसूचना जारी कर दी है।
कीमती धातुओं के अलावा पीतल स्क्रैप का शुल्क मूल्य घटाकर 3,840 डॉलर प्रति टन कर दिया गया। दूसरी तरफ कच्चे सोयाबीन तेल, आरबीडी पॉम तेल और दूसरे वनस्पति तेलों पर शुल्क मूल्य में वृद्धि की गई है।