Dollar vs Rupee: डॉलर इंडेक्स 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 106.51 पर आ गया.
नई दिल्ली: Dollar vs Rupee Rate: विदेशी बाजारों में डॉलर के कमजोर होने और घरेलू शेयर बाजारों में तेजी के बीच निवेशकों की जोखिम लेने की धारणा में सुधार से अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया बुधवार को 34 पैसे के सुधार के साथ 81.38 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 81.63 पर खुला. कारोबार के दौरान यह 81.38 के उच्चस्तर और 81.64 के निचले स्तर तक गया. वहीं, अंत में रुपया 34 पैसे की तेजी के साथ 81.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ.
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये (Dollar vs Rupee) का पिछला बंद भाव 81.72 प्रति डॉलर था.
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार ने कहा कि जोखिम वाली धारणा में सुधार, कच्चे तेल की कम कीमतें तथा विदेशी संस्थागत निवेशकों का निवेश बढ़ने के बाद पिछले 11 महीनों में भारतीय रुपये में पहली मासिक बढ़त दर्ज की गई है. परमार ने कहा, ‘यह महीने के अंत में 1.6 प्रतिशत की मजबूती पर बंद होने की ओर अग्रसर है, जो अगस्त, 2021 के बाद से सबसे बड़ा लाभ होगा.
इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख करेंसी की तुलना में डॉलर की कमजोरी या मजबूती को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 106.51 पर रह गया. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा 2.13 प्रतिशत बढ़कर 84.80 डॉलर प्रति बैरल हो गया.
वहीं, दूसरी तिमाही (अप्रैल-अक्टूबर) के लिए सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) राजकोषीय घाटे के आंकड़े और अक्टूबर के लिए बुनियादी उद्योगों के आंकड़े आज जारी किए जाने हैं.
आज बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 417.81 अंक बढ़कर 63,099.65 अंक पर बंद हुआ. यह सेंसेक्स का नया रिकॉर्ड स्तर है. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) पूंजी बाजार में शुद्ध खरीदार बने रहे . उन्होंने मंगलवार को 1,241.57 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर ख़रीदे हैं.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)