भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 11 नवंबर को समाप्त सप्ताह में 14.72 अरब डॉलर बढ़कर 544.72 अरब डॉलर हो गया.
नई दिल्ली: Dollar vs Rupee Rate Today: विदेशी बाजारों में अमेरिकी डॉलर की मजबूती और घरेलू शेयर बाजारों में सुस्ती के बीच रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 12 पैसे टूटकर 81.86 पर आ गया. अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया डॉलर के मुकाबले 81.84 पर खुला और फिर कमजोरी के साथ 81.86 पर आ पहुंच गया. इस तरह रुपये में पिछले बंद भाव के मुकाबले 12 पैसे की गिरावट हुई है. वहीं, शुक्रवार को भारतीय रुपया अमेरिकी करेंसी के मुकाबले (Dollar vs Rupee) 10 पैसे टूटकर 81.74 पर बंद हुआ था.
इस बीच छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.25 प्रतिशत बढ़कर 107.19 पर पहुंच गया. मार्केट एक्सपर्ट ने बताया कि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये की कमजोरी सीमित हो सकती है. वैश्विक तेल सूचकांक ब्रेंट क्रूड वायदा 1.08 प्रतिशत गिरकर 86.67 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर था.
रिलायंस सिक्योरिटीज के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट श्रीराम अय्यर ने कहा कि फेडरल रिजर्व के बयान के बीच डॉलर के मजबूत होने के कारण सोमवार सुबह रुपये की शुरुआत कमजोर नोट पर हुई. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक की नवीनतम बैठक से बाजार को दिशा मिलेगी.
घरेलू शेयर बाजार में, 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 468.58 अंक या 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61,194.90 पर कारोबार कर रहा था. वहीं, एनएसई निफ्टी 146.20 अंक या 0.80 प्रतिशत लुढ़क कर 18,161.45 पर कारोबार पर था.
एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) कैपिटल मार्केट में शुद्ध विक्रेता रहे. उन्होंने शुक्रवार को 751.20 करोड़ रुपये के शेयर बेचे हैं.
भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 11 नवंबर को समाप्त सप्ताह में 14.72 अरब डॉलर बढ़कर 544.72 अरब डॉलर हो गया. यह अगस्त 2021 के बाद से सबसे तेज वृद्धि है.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)