खास बातें
- मुख्यमंत्री ने इस कर का प्रस्ताव करते हुए उन कई अध्ययनों का जिक्र किया जिनके अनुसार दिल्ली में बढ़ते डीजल वाहनों के कारण वायु प्रदूषण बढ़ रहा है।
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में आने वाले दिनों में साइकिलें, केरोसीन स्टोव, लालटेन, पेट्रोमैक्स लैंप, सेनिटरी नैपकिन सस्ते होंगे जबकि डीजल चालित वाहन, तम्बाकू उत्पाद, मकानों की साज-सज्जा के सामान, सूटिंग्स तथा मिठाइयों के लिए अधिक पैसा खर्च करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने विधानसभा में पहली बार सालाना बजट पेश करते हुए जहां सस्ती साइकिलों और अन्य वस्तुओं पर कर से राहत दी वहीं डीजल चालित वाहनों पर मौजूदा कर के ऊपर 25 प्रतिशत राशि अतिरिक्त कर लगाने का प्रस्ताव किया। इससे राजधानी में डीजल के वाहन खरीदना महंगा हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस कर का प्रस्ताव करते हुए उन कई अध्ययनों का जिक्र किया जिनके अनुसार दिल्ली में बढ़ते डीजल वाहनों के कारण वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। उन्होंने साइकिल को परिवहन का प्रदूषणरहित तथा स्वास्थ्यवर्धक तरीका करार देते हुए इसे प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई और 3,500 रुपये मूल्य तक की साइकिलों को मूल्य वर्धित कर (वैट) के दायरे से हटाने का प्रस्ताव किया। इसके साथ ही उन्होंने केरोसीन स्टोव, लालटेन, पेट्रोमेक्स लैंप पर से भी वैट हटाने का प्रस्ताव किया गया है।