खास बातें
- आयकर विभाग के महानिदेशक बीपी गौड़ ने कहा, जमीन-जायदाद के क्षेत्र या हीरे के कारोबार में काले धन का प्रचलन सर्वाधिक है।
Mumbai: आयकर विभाग के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि हीरे के कारोबार में काला धन का प्रचलन सर्वाधिक है। जांच से यह पता चलता है कि इस क्षेत्र में बही-खातों से सबसे ज्यादा छेड़छाड़ होता है। आयकर विभाग के महानिदेशक (जांच) बीपी गौड़ ने संवाददाताओं से कहा, जमीन-जायदाद के क्षेत्र या हीरे के कारोबार में काले धन का प्रचलन सर्वाधिक है लेकिन हीरा व्यापारियों के मामले में बही-खातों के साथ सर्वाधिक छेड़छाड़ होती है। उन्होंने कहा कि हीरा व्यापार के मामले में वास्तविक सौदा और बही-खातों में दिखाए गए सौदों में काफी अंतर देखा जाता है। इसके कारण विभाग के लिए काम करना बेहद कठिन हो जाता है। गौड़ ने कहा, सच्चाई का पता लगाने के लिए गहन जांच की जरूरत पड़ती है। आयकर महानिदेशक ने केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के सदस्य प्रकाश चंद्र के मौजूदगी में यह बात कही। इस मौके पर आयकर अधिकारियों के लिए संदर्भ पुस्तिका जारी की गयी जिसमें जांच के दौरान क्या करना है और क्या नहीं करना है, के बारे में जानकारी दी गयी है। बीपी गौड़ ने कहा कि धोखाधड़ी के लिए लोग अब नए-नए तरीके अपना रहे हैं। इससे विभाग के लिए जांच का काम बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि गड़बड़ी करने वालों को कानून में जो खामी है, उसका लाभ लेने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। कर चोरों के पनाहगाह देशों की मौजूदगी और उसको लेकर रणनीति के बारे में चंद्रा ने कहा कि सरकार जल्दी ही प्रमुख देशों में 10 अधिकारियों की नियुक्ति करेगी जो इस समस्या पर लगाम लगाने में मदद करेंगे। उन्होंने कहा, अधिकारियों का चयन कर लिया गया है और उनकी नियुक्ति से पहले कुछ मंजूरी की जरूरत है।