नई दिल्ली: उद्योग मंडल एसोचैम ने वित्त वर्ष 2017-18 के बजट में कंपनी कर को घटाकर 25 प्रतिशत करने तथा व्यक्तिगत आयकर दरों में कटौती तथा छूट सीमा बढ़ाकर पांच लाख रुपये किये जाने की सरकार से मांग की है.
राजस्व सचिव हसमुख अधिया के साथ बजट पूर्व बैठक में एसोचैम ने मांग की कि चूंकि प्रस्तावित वस्तु एवं सेवा कर :जीएसटी: की बहुस्तरीय कर ढांचे से वर्गीकरण विवाद बढ़ सकता है, इसीलिए प्रत्येक शुल्क की श्रेणी में उत्पादों का वर्गीकरण सावधानी से किया जाना चाहिए.
उद्योग मंडल ने कहा कि देश में उपभोग आधारित मांग को गति देने तथा और निवेश आकर्षित करने के लिये कंपनी कर में तत्काल कटौती कर 25 प्रतिशत किया जाना चाहिये। कंपनी कर को चार साल में चरणबद्ध तरीके से मौजूदा 30 प्रतिशत से घटाकर 25 प्रतिशत करने के तहत सरकार ने 2016-17 के बजट में कुछ शतोर्ं के साथ नई विनिर्माण इकाइयों के लिये कंपनी कर को कम कर 25 प्रतिशत कर दिया। इसका मकसद औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ाना तथा रोजगार सृजित करना है.
उद्योग मंडल ने आयकर छूट सीमा बढ़ाकर पांच लाख रपये किये जाने की भी मांग की है. फिलहाल व्यक्तिगत करदाताओं के लिये छूट सीमा 2.50 लाख रुपये है जबकि वरिष्ठ (60 साल) और उससे ऊपर तथा अति वरिष्ठ (80 वर्ष) और उससे अधिक: के लिये छूट सीमा क्रमश: तीन लाख रपये और पांच लाख रुपये है.