खास बातें
- एसएण्डपी द्वारा अमेरिका के कर्ज परिदृश्य की रेटिंग घटाकर नकारात्मक किए जाने के बाद सोमवार को कच्चे तेल के दाम में तेज गिरावट दर्ज की गई।
न्यूयॉर्क: मार्च में सऊदी अरब में कच्चे तेल का उत्पादन घटने और स्टैण्डर्ड एण्ड पुअर्स (एसएण्डपी) द्वारा अमेरिका के कर्ज परिदृश्य की रेटिंग घटाकर नकारात्मक किए जाने के बाद सोमवार को कच्चे तेल के दाम में तेज गिरावट दर्ज की गई। एसएण्डपी ने अमेरिका की साख की रेटिंग एएए पर बरकरार रखी है लेकिन अमेरिकी कर्ज परिदृश्य की रेटिंग घटाकर नकरात्मक कर दी है। रेटिंग एजेंसी का कहना है कि बढ़ते बजट घाटे और कर्ज पर नियंत्रण कर पाने में अमेरिकी नीति निर्माताओं के विफल होने के जोखिम के कारण यह निर्णय लिया गया है। वहीं सऊदी अरब ने रविवार को कहा कि बाजार में कच्चे तेल की आपूर्ति ज्यादा होने और ऊंची कीमतों के कारण मांग कम होने से उसने मार्च में कच्चे तेल के उत्पादन में आठ लाख बैरल प्रति दिन की कमी की है। अमेरिका में कच्चे तेल के लाइट स्वीट क्रूड वायदा का दाम 2.54 डॉलर प्रति बैरल (2.32 प्रतिशत) घटकर 107.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।