खास बातें
- अमेरिका में विनिर्मित वस्तुओं के लिए नए ठेके में दिसम्बर माह में 1.8 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई। नवम्बर में भी इसमें वृद्धि थी।
वाशिंगटन: अमेरिका में विनिर्मित वस्तुओं के लिए नए ठेके में दिसम्बर माह में 1.8 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई। नवम्बर में भी इसमें वृद्धि थी। यह जानकारी सोमवार को अमेरिका के वाणिज्य मंत्रालय ने दी।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक मौसमी विचलन को समायोजित करते हुए अमेरिका में फैक्ट्रियों का ठेका 8.6 अरब डॉलर अधिक 484.8 अरब डॉलर दर्ज किया गया। ठेके में पिछले चार में से तीन महीने में वृद्धि दर्ज की गई है।
कम से कम तीन सालों तक चलने वाली टिकाऊ या महंगी वस्तु की मांग दिसम्बर में 9.4 अरब डॉलर या 4.3 फीसदी अधिक 230 अरब डॉलर रही। इनमें कम्प्यूटर, कार तथा मशीनों जैसी वस्तुएं शामिल हैं।
खाद्य पदार्थ, कागजों के उत्पाद, पेट्रोलियम और कोयला उत्पादों जैसी गैर टिकाऊ वस्तुओं के लिए ठेका आलोच्य अवधि में हालांकि 0.8 अरब डॉलर या 0.3 फीसदी कम 254.8 अरब डॉलर दर्ज किया गया।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी इंस्टीट्यूट ऑफ सप्लाई मैनेजमेंट द्वारा शुक्रवार को जारी एक अलग रिपोर्ट के मुताबिक जनवरी में विनिर्माण क्षेत्र में लगातार दूसरे माह विस्तार दर्ज किया गया है।