खास बातें
- ब्राजील, रूस, भारत व दक्षिण अफ्रीका के साथ 2010 की पहली तिमाही की तुलाना में इस बार पहली तिमाही का व्यापार 45.8% अधिक है।
बीजिंग: ब्रिक्स के नाम से चर्चित भारत और चीन सहित विश्व के पांच उभरते देशों के आपसी व्यापार में स्थानीय मुद्राओं के प्रयोग पर सहमति के बीच चीन ने कहा है कि ब्रिक्स के साथ उसका पहली तिमाही का व्यापार 59.9 अरब डॉलर रहा। चीन के सीमा शुल्क विभाग के अनुसार ब्रिक्स देशों- ब्राजील, रूस, भारत और दक्षिण अफ्रीका के साथ 2010 की पहली तिमाही में हुए व्यापार की तुलाना में इस बार पहली तिमाही का व्यापार 45.8 प्रतिशत अधिक है। ब्रिक्स देशों के साथ व्यापार की यह वृद्धि दर उसके समग्र अंतरराष्ट्रीय व्यापार में इस दौरान हुई वृद्धि से 16.3 प्रतिशत अंक ऊपर है। आलोच्य अवधि के दौरान चीन ने ब्रिक्स के अन्य देशों से 33.05 अरब डॉलर का आयात किया, जो साल-दर-साल के हिसाब से 57.2 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान चीन ने ब्रिक्स के सदस्य देशों को 33.8 प्रतिशत वृद्धि दर के साथ 26.85 अरब डॉलर का निर्यात किया।