खास बातें
- निवेश की गाड़ी को फिर गति देने के लिए निवेश संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीआई) ने कुल 1.83 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली तीन दर्जन परियोजनाओं को मंजूरी दी है।
नई दिल्ली: निवेश की गाड़ी को फिर गति देने के लिए निवेश संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीआई) ने कुल 1.83 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश वाली तीन दर्जन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। यह बात वित्तमंत्री पी चिदंबरम ने आज कही।
सीसीआई द्वारा कल मंजूर परियोजनाओं में 83,772 करोड़ रुपये के निवेश वाली 18 बिजली परियोजनाएं और 14,084 करोड़ रुपये की ढांचा क्षेत्र की नौ परियोजनाएं शामिल हैं। सीसीआई ने 85,000 करोड़ रुपये के निवेश वाली नौ और परियोजनाओं की समीक्षा की।
चिदंबरम ने कहा कि सीसीआई ने कुल 1.83 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी। बिजली परियोजनाओं के लिए ईंधन आपूर्ति समझौते (एफएसए) के संबंध में वित्तमंत्री ने कहा कि सभी समझौतों पर 6 सितंबर तक हस्ताक्षर किए जाएंगे। पहले इसके लिए 31 अगस्त की सीमा रखी गई थी।
चिदंबरम ने कहा कि इन फैसलों का संदेश है कि निवेश चक्र को फिर से शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, हम यह संदेश दे रहे हें कि हम निवेश चक्र फिर से शुरू करने के इच्छुक हैं। यह चक्र शुरू हो गया है और हम इसे आगे बढ़ा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि बैंकों ने बिजली क्षेत्र की इन परियोजनाओं के लिए 30,000 करोड़ रुपये के कर्ज का वितरण कर दिया है और मंजूरी मिलने के साथ वे इन परियोजनाओं के लिए और धन मुहैया कराएंगे।