खास बातें
- एनएसई का निफ्टी भी 18.30 अंक गिरकर 5,891.75 अंक रह गया। कारोबार के दौरान यह 5,868.80 से 5,944.45 अंक के दायरे में घूमता रहा।
मुंबई: तेल कीमतों के दो साल के उच्च स्तर पर पहुंचने के बीच महंगाई और ब्याज दरों को लेकर निवेशकों की चिंताओं से बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 75 अंक की गिरावट के साथ 19,612 अंक पर आ गया। बाजार में हल्की मुनाफावसूली का दौर भी देखने को मिली। तेल कीमतों में तेजी से निवेशकों को चिंता है कि इससे महंगाई और ब्याज दरें बढ़ सकती हैं। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 74.62 अंक या 0.38 प्रतिशत गिरकर 19,612.20 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान यह 19,550.55 अंक से 19,811.14 अंक के दायरे में घूमता रहा। इसी के अनुरूप नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 18.30 अंक गिरकर 5,891.75 अंक रह गया। कारोबार के दौरान यह 5,868.80 से 5,944.45 अंक के दायरे में घूमता रहा। बाजार विश्लेषकों ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों की वजह से निवेशक महंगाई को लेकर चिंतित है। भारतीय रिजर्व बैंक ब्याज दरों में और वृद्धि कर सकता है जिससे कंपनियों की आमदनी प्रभावित होगी। केंद्रीय बैंक ने मंगलवार को संकेत दिया था कि महंगाई को देखते हुए सुगम मौद्रिक नीति अभी दूर की बात है। केंद्रीय बैंक पिछले एक साल के दौरान नीतिगत दरों में आठ बार बढ़ोतरी कर चुका है। मोतीलाल ओसवाल सिक्योरिटीज के प्रबंधक (डेरिवेटिव्स) भविन देसाई ने कहा, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें बाजार की गति में रुकावट पैदा कर रही हैं। आईआईएफएल के अनुसंधान प्रमुख (भारतीय निजी ग्राहक) अमर अंबानी ने कहा, कच्चे तेल की ऊंची कीमतों की वजह से महत्वपूर्ण शेयर दूसरे दिन एकीकरण की प्रक्रिया में रहे। ब्याज दरों को लेकर चिंता बढ़ी है।