यह ख़बर 16 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

महंगाई, इंफोसिस के असर से शेयर बाजार की तेजी गायब

खास बातें

  • बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को पिछले सप्ताह के बंद स्तर के मुकाबले 64.63 अंक नीचे 19,386.82 पर बंद हुआ।
मुम्बई:

महंगाई के ताजा आंकड़े और सूचना प्रौद्योगिकी कम्पनी इंफोसिस के तिमाही परिणाम आने के बाद शेयर बाजारों के प्रमुख सूचकांकों में सप्ताह की शुरुआत में दर्ज की जा रही तेजी पर विराम लग गया। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुक्रवार को पिछले सप्ताह के बंद स्तर के मुकाबले 64.63 अंक नीचे 19,386.82 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक निफ्टी शुक्रवार को लगभग पिछले सप्ताह के स्तर पर ही बंद हुआ। बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप सूचकांकों में इस दौरान क्रमश: 0.5 फीसदी और 0.41 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। सूचना प्रौद्योगिकी कम्पनी इंफोसिस के तिमाही (जनवरी-मार्च) परिणाम आने और कम्पनी के दो वरिष्ठ अधिकारियों (मोहनदास पई और के. दिनेश) द्वारा कम्पनी छोड़ने के बयान के बीच इसके शेयरों की कीमत में शुक्रवार को भारी गिरावट देखी गई। गुरुवार को मार्च महीने के लिए महंगाई का ताजा आंकड़ा भी जारी किया। मार्च महीने में महंगाई की दर 8.98 फीसदी दर्ज की गई, जो फरवरी माह की महंगाई दर 8.31 फीसदी से अधिक है। साथ ही यह भारतीय रिजर्व बैंक के आठ फीसदी के अनुमान से भी अधिक है। इस सप्ताह हीरो होंडा (8.6 फीसदी), आईटीसी (4.6 फीसदी), भारती एयरटेल (3.9 फीसदी) और एलएंडटी (3.2 फीसदी) में सर्वाधिक तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स में सप्ताह भर के कारोबार में गिरावट दर्ज करने वाले शेयरों में प्रमुख रहे डीएलएफ (9.4 फीसदी), इंफोसिस (7.9 फीसदी), जिंदल स्टील (4.9 फीसदी) और विप्रो (4.9 फीसदी)। इस सप्ताह एशिया के अन्य शेयर बाजारों में गिरावट का रुख देखा गया। जापान का निक्के ई 1.81 फीसदी गिरावट के साथ 9,591.52 पर और हांग कांग का हैंगसैंग 1.59 फीसदी गिरावट के साथ 24,008.07 अंक पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.68 फीसदी गिरावट के साथ 3,050.53 अंक पर बंद हुआ। अमेरिकी शेयर बाजारों में इस हफ्ते मामूली गिरावट देखी गई। डाऊ जोंस 0.31 फीसदी गिरावट के साथ 12,341.83 अंक पर बंद हुआ। एसएंडपी500 इस हफ्ते 0.64 फीसदी गिरावट के साथ 1,319.68 पर और नास्डाक 0.57 फीसदी गिरावट के साथ 2,764.65 पर बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में जर्मनी का डीएएक्स 0.54 फीसदी गिरावट के साथ 7,178.29 अंक पर बंद हुआ।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com