खास बातें
- सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी विभिन्न अवधि की सावधि जमा पर ब्याज दरों में आधा प्रतिशत तक वृद्धि की है।
New Delhi: रिजर्व बैंक की मध्य तिमाही समीक्षा से पहले सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी विभिन्न अवधि की सावधि जमा पर ब्याज दरों में आधा प्रतिशत तक वृद्धि की है। बैंक ने एक साल से लेकर 443 दिन की सावधि जमा पर ब्याज दर को नौ से बढ़ाकर 9.25 प्रतिशत कर दिया है, जबकि तीन से लेकर पांच साल की सावधि जमा पर मौजूदा 8.5 प्रतिशत के बजाय अब नौ प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा। इसी प्रकार 445 दिन से लेकर तीन साल की अवधि की सावधि जमा पर भी 9.25 प्रतिशत ब्याज देय होगा। बैंक के अनुसार ब्याज की बढ़ी दरें बुधवार से लागू हो जाएंगी। अन्य सावधि जमाओं पर ब्याज दरें यथावत रहेंगी। रिजर्व बैंक ऋण एवं मौद्रिक नीति की मध्य तिमाही समीक्षा 16 सितंबर को करेगा। माना जा रहा है कि मुद्रास्फीति के उच्च स्तर को देखते हुए बैंक एक बार और नीतिगत दरों में वृद्धि कर सकता है। बैंकों का कहना है कि यदि रिजर्व बैंक ब्याज दरों में और वृद्धि करता है, तो वह इसका बोझ सीधे ग्राहकों पर ही डालेंगे। रिजर्व बैंक ने जुलाई अंत में जारी पहली तिमाही की मौद्रिक समीक्षा में रेपो और रिवर्स रेपो दरें आधा प्रतिशत बढ़ाकर क्रमश: आठ और सात प्रतिशत पर ला दी थीं। इन दरों पर केंद्रीय बैंक अल्पकाल के लिए बैंकों के साथ पूंजी का लेनदेन करता है।