खास बातें
- बीएमडब्ल्यू ने मार्च के दौरान देश में सर्वाधिक 1,027 कारें बेची हैं। कंपनी अगले माह से अपने चेन्नई संयंत्र की उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर विचार करेगी।
New Delhi: लक्जरी कार बनाने वाली जर्मन कंपनी बीएमडब्ल्यू ने इस साल मार्च माह के दौरान देश में सर्वाधिक 1,027 कारें बेची हैं। इसके मद्देनजर कंपनी अगले माह से अपने चेन्नई संयंत्र की उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर विचार करेगी। कंपनी के अध्यक्ष (भारत) एन्ड्रस सचहाफ ने कहा, भारत में लक्जरी कारों की पर्याप्त मांग है। हमें अप्रैल में अच्छी बिक्री की उम्मीद है। कंपनी ने मार्च 2011 के दौरान अभी तक की एक माह में सर्वाधिक 1,027 कारों बिक्री की है, जो पिछले साल के इसी माह से 69.75 फीसदी अधिक है। इससे पहले दिसंबर, 2010 में कंपनी ने किसी एक माह में सवाधिक 901 कारें बेची थीं। मांग बढ़ने पर उत्पादन कम रहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि कंपनी की कारों की कमी नहीं होगी। कंपनी सालाना आधार पर एक शिफ्ट में 10,000 कारों का उत्पादन करती है। सचहाफ ने कहा, हमारा चेन्नई संयंत्र पर्याप्त क्षमता वाला है और हम दूसरी पाली में अपना उत्पादन बढ़ा सकते हैं। हम दूसरी पाली में उत्पादन शुरू करने पर अगले माह कुछ निर्णय करेंगे। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि दूसरी पाली में कितनी कारों का उत्पादन किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि पिछले माह कंपनी ने अपनी सालाना उत्पादन क्षमता को 8,000 से बढ़ाकर 10,000 की थी।