यह ख़बर 27 मार्च, 2011 को प्रकाशित हुई थी

भारत में संयंत्र लगाएगी ब्लैकबेरी

खास बातें

  • नोकिया, सैमसंग, एलजी और अन्य वैश्विक ब्रांडों के बाद ब्लैकबेरी स्मार्टफोन बनाने वाली कनाडा की कंपनी रिम भी भारत में कारखाना लगा सकती है।
New Delhi:

नोकिया, सैमसंग, एलजी और अन्य वैश्विक ब्रांडों के बाद अब ब्लैकबेरी स्मार्टफोन बनाने वाली कनाडा की कंपनी रिसर्च इन मोशन (रिम) भी भारत में कारखाना लगा सकती है। कंपनी ने संकेत दिया है कि आसपास के देशों में संभावनाओं के मद्देनजर रिम भारत को निर्यात हब के रूप में भी विकसित कर सकती है। भारत में संयंत्र लगाने की योजना के बारे में पूछे जाने पर रिम के प्रवक्ता ने कहा, भारत रिम के लिए महत्वपूर्ण और रणनीतिक बाजार है। भारत को लेकर अपनी रणनीति के तहत कंपनी अपने संसाधन जुटा रही है। प्रवक्ता ने कहा कि कनाडा में रिम के मुख्य सूचना अधिकारी रॉबिन बेनफेट ब्लैकबेरी के बड़े ग्राहकों से मुलाकात के लिए यहां आएंगी। वह इस दौरान यहां अपने मौजूदा और संभावित व्यवासायिक सहयोगियों से भी मुलाकात करेंगी। प्रवक्ता ने कहा कि रिम हमेशा निवेश के अवसर तलाशती है। इनमें विनिर्माण और लॉजिस्टिक शामिल हैं। रॉबिन भारत यात्रा के दौरान इस तरह की और संभावनाएं तलाशेंगे। हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि वह भारत में विनिर्माण संयंत्र के लिए कितना निवेश करेगी और यहां कितने हैंडसेट बनाएगी। हालांकि, उद्योग के नियमों के अनुसार, इस तरह के संयंत्र पर 15 से 25 करोड़ डॉलर तक के निवेश की जरूरत होगी। सूत्रों ने संकेत दिया कि राबिन संयंत्र के लिए जगह की तलाश को चेन्नई, मुंबई और दिल्ली जाएंगे। यह रिम का एशिया प्रशांत क्षेत्र में पहला विनिर्माण संयंत्र होगा। रिम भारत में ऐसे समय संयंत्र लगाने पर विचार कर रही है, जब उसके ब्लैकबेरी परिचालन को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंता जताई जा रही है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com