यह ख़बर 26 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

बढ़ी चिंताओं के बीच 111 अंक गिरा सेंसेक्स

खास बातें

  • बंबई शेयर बाजार में बिकवाली का जोर रहा जिससे संवेदी सूचकांक 111 अंक की गिरावट के साथ एक महीने के निचले स्तर 16,051 अंक तक पहुंच गया।
मुंबई:

यूरो ऋण संकट को लेकर बढ़ती चिंता के बीच बंबई शेयर बाजार में बिकवाली का जोर रहा जिससे संवेदी सूचकांक 111 अंक की गिरावट के साथ एक महीने के निचले स्तर 16,051 अंक तक पहुंच गया। यूरो ऋण संकट को लेकर एशियाई बाजारों में भी गिरावट का रुख रहा। बाजार में उपभोक्ता टिकाऊ सामान, धातु, रिफाइनरी, पूंजीगत सामान सहित विभिन्न वर्गों में बिकवाली का जोर रहा। एक समय तो ऐसा भी आया जब संवेदी सूचकांक 16,000 अंक से नीचे चला गया था। कारोबार की शुरुआत में 30 शेयरों वाला बीएसई संवेदी सूचकांक 16,209.19 अंक तक मजबूत होने के बाद कमजोर एशियाई रुख से घटकर 15,801.01 अंक रह गया। हालांकि, बाद में यूरोपीय बाजारों के ऊंचा खुलने और सितंबर के वायदा एवं विकल्प सौदों की निपटान अवधि की समाप्ति से पहले कुछ खरीदारी आने से सेंसेक्स में गिरावट रुकी और कुछ सुधार आया। इसके बावजूद यह कारोबार की समाप्ति पर पिछले सत्र की तुलना में 110.96 अंक नीचे रहकर 16,051.10 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का व्यापक आधार वाला एनएसई-50 निफ्टी सूचकांक 32.35 अंक अथवा 0.66 प्रतिशत घटकर 4,835.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 4,758.85 अंक तक गिर गया था। यह लगातार चौथा कारोबारी सत्र था जब बाजार में गिरावट रही। सेंसेक्स में सबसे ज्यादा वजन रखने वाला रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर 1.5 प्रतिशत और घट गया। पिछले चार दिनों में यह कुल 10.83 प्रतिशत लुढ़क चुका है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com