खास बातें
- बजाज ऑटो का चौपहिया वाहन (बेहद सस्ती कार) अगले साल आने की उम्मीद है। कंपनी का दावा है कि यह वाहन एक लीटर ईंधन में 30 किमी दौड़ सकेगा।
Mumbai: दोपहिया क्षेत्र की कंपनी बजाज ऑटो का चौपहिया वाहन (बेहद सस्ती कार) अगले साल तक आने की उम्मीद है। कंपनी का दावा है कि यह वाहन एक लीटर ईंधन में 30 किलोमीटर तक दौड़ सकेगा। कंपनी ने अपने इस उत्पाद को कार की बजाय चौपहिया कहा है। फिलहाल कंपनी इस वाहन का विकास कर रही है। बजाज ऑटो के प्रबंध निदेशक राजीव बजाज ने कहा, मैं बार-बार कह रहा हूं कि हम कार नहीं चौपहिया बना रहे हैं। चौपहिया वाहन और कार में काफी फर्क है। उन्होंने बताया कि चौपहिया विकास के चरण में है और इसके बाजार में 2012 में आने की उम्मीद है। बजाज ने कहा कि यह चौपहिया एक लीटर ईंधन में 30 किलोमीटर तक दौड़ेगा। इसका विनिर्माण कंपनी के औरंगाबाद कारखाने में किया जाएगा। देश की सड़कों पर अभी दौड़ रही छोटी कारों का माइलेज 15 से 18 किलोमीटर है। पुणे की यह कंपनी फ्रांसीसी कंपनी रेनो-निसान के साथ मिलकर छोटी कार बना रही है।