यह ख़बर 24 दिसंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

ड्रीमलाइनर बेचकर वापस पट्टे पर लेगी एयर इंडिया

खास बातें

  • नकदी की समस्या से जूझ रही एयर इंडिया ने ड्रीमलाइनर बोइंग विमानों में से कुछ को बेचकर वापस पट्टे पर लेने का फैसला किया है।
New Delhi:

नकदी संकट से जूझ रही एयर इंडिया ने ड्रीमलाइनर बोइंग विमानों में कुछ को बेचकर वापस पट्टे पर लेने का फैसला किया है। एयर इंडिया को 27 बोइंग 787 ड्रीमलाइनर्स से पहला विमान अगले महीने मिलने की उम्मीद है। बहरहाल, नकदी संकट से जूझ सार्वजनिक क्षेत्र की विमानन कंपनी ने उसमें से सात को बेचने तथा उसे पुन: पट्टे पर लेने का फैसला किया है। इसके अलावा कंपनी 23 करोड़ डॉलर के ब्रिज लोन जुटाने के विकल्प भी तलाश रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार अमेरिकी कंपनी से इन बहुप्रतीक्षित विमानों में से पहला विमान जनवरी में मिलेगा, जबकि दूसरा और तीसरा विमान मार्च और अप्रैल में मिलेगा। इसके अलावा दो-दो विमान मई और जून में मिलेंगे। सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया निदेशक मंडल ने इन विमानों को पट्टादाता को बेचने का निर्णय पहले ही कर चुका है, जिसके तुरंत बाद उन्हें वापस पट्टे पर ले लेगा। विमानों को 12 साल के पट्टे पर लिया जाएगा और इस अवधि को और आगे बढ़ाने का विकल्प होगा। बिक्री और पुन: पट्टा व्यवस्था के तहत एक पक्ष संपत्ति को खरीदार को बेचता है और वह तत्काल बिक्रेता को पट्टे पर दे देता है। इस व्यवस्था से पहला खरीदार अपनी संपत्ति का बेहतर उपयोग कर पाता है और उसे पूंजी की तंगी भी नहीं होती है। सूत्रों ने कहा कि एयरलाइन को पहले दो विमान बी 787-8 विमानों की डिलीवरी स्वीकार करने के लिए 6 से 12 साल के लिए ब्रिज लोन की जरूरत है। कंपनी ने बैंक तथा वित्तीय संस्थानों से 23 करोड़ डॉलर जुटाने के लिए पेशकश आमंत्रित की है।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com