खास बातें
- सरकार एयर इंडिया के लिए 10,000 करोड़ रुपये के सहायता पैकेज पर विचार कर रही है, जिसमें 6,600 करोड़ रुपये की इक्विटी पूंजी भी शामिल है।
नई दिल्ली: एयर इंडिया को आगामी बजट में कोई खुशखबरी मिल सकती है। सरकार इस विमानन कंपनी के लिए करीब 10,000 करोड़ रुपये के सहायता पैकेज पर विचार कर रही है, जिसमें 6,600 करोड़ रुपये की इक्विटी पूंजी भी शामिल है।
समझा जाता है कि केंद्रीय मंत्रिमंडल जल्द ही इस पैकेज पर विचार करेगा, ताकि इसे बजट प्रावधानों में शामिल किया जा सके। सरकारी सूत्रों ने कहा कि विभिन्न मंत्रालयों से टिप्पणी लेने के लिए मंत्रिमंडल नोट पहले ही जारी किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि संकटग्रस्त विमानन कंपनी एयर इंडिया को अगले वित्तवर्ष के दौरान 10,000 करोड़ रुपये का पैकेज मिल सकता है, जिसमें 6,600 करोड़ रुपये की अंतिरिक्त इक्विटी और अन्य सहायता शामिल है।
यह पहल वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाले मंत्रिसमूह की बैठक के दो हफ्ते बाद हुई, जिसमें कंपनी की वित्तीय पुनर्गठन योजना को मंजूरी दी गई। इस योजना के तहत सरकारी गारंटी वाले बांड या अन्य जरियों से 7,400 करोड़ रुपये तक जुटाने की मंजूरी मिली। सूत्रों ने बताया कि बांड की कूपन दर 8.5 से 9 फीसदी रहने की संभावना है।
मंत्रिसमूह ने एयर इडिया की पुनर्गठन और सामान्य बहाली योजना के अंग के तौर पर इस पूरे पैकेज का सुझाव दिया है। सरकार ने इस साल 1,200 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे एयर इंडिया का इक्विटी आधार बढ़कर 3,345 करोड़ रुपये हो गया है। एयर इंडिया को यह धन ऐसे समय में मिल रहा है, जब वह बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान हासिल करने के करीब है। कंपनी के बेड़े में पहला विमान अप्रैल में शामिल होगा।