खास बातें
- योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने शुक्रवार को कहा कि 12वीं पंचवर्षीय योजना अवधि (2012-17) में नौ फीसदी आर्थिक विकास दर हासिल कर पाना सम्भव नहीं है।
नई दिल्ली: योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालिया ने शुक्रवार को कहा कि 12वीं पंचवर्षीय योजना अवधि (2012-17) में नौ फीसदी आर्थिक विकास दर हासिल कर पाना सम्भव नहीं है।
12वीं योजना अवधि में सम्भावित विकास दर के बारे में पूछे जाने पर अहलूवालिया ने कहा, "9 फीसदी विकास दर के बारे में सोचना सम्भव नहीं है। मेरे हिसाब से आठ से 8.5 फीसदी सम्भव है।"
योजना आयोग द्वारा स्वीकृत 12वीं योजना अवधि के दृष्टिकोण पत्र में नौ फीसदी औसत वार्षिक विकास दर का लक्ष्य रखा गया है।
अहलूवालिया ने कहा कि वैश्विक आर्थिक स्थिति को देखते हुए आठ फीसदी का लक्ष्य हासिल करना भी कठिन है।
योजना आयोग के एक कार्यक्रम से इतर मौके पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "जिस विकास दर को मैं सम्भावित कह रहा हूं, उसके लिए काफी मेहनत करनी होगी। यदि आप यह मेहनत नहीं करते तो भगवान ने कोई आठ फीसदी विकास दर का अधिकार नहीं दे रखा है।" उन्होंने कहा कि योजना अवधि के पहले साल 2012-13 में विकास दर 6.5 से सात फीसदी के बीच रह सकती है।