यह ख़बर 21 सितंबर, 2011 को प्रकाशित हुई थी

2जी घोटाले की और शिकायतें मिलीं : सीवीसी

खास बातें

  • सीवीसी को 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में कुछ और शिकायतें मिली हैं और इनमें कई नौकरशाहों के कई नए नाम सामने आए हैं।
नई दिल्ली:

केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) को 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले में कुछ और शिकायतें मिली हैं और इनमें कई नौकरशाहों के कई नए नाम सामने आए हैं। इनमें से कुछ अधिकारी फिलहाल सेवा में हैं, जबकि कुछ सेवानिवृत्त हो चुके हैं। सीवीसी ने इन शिकायतों को आगे की जांच के लिए सीबीआई के पास भेज दिया है। उच्च पदस्थ सूत्रों ने कहा कि सीवीसी को हाल में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा तथा कई वर्तमान एवं सेवानिवृत्त अधिकारियों के खिलाफ उनके कार्यकाल के दौरान सरकारी नियमों के कथित उल्लंघन के मामले में नई शिकायतें मिली हैं। सीवीसी के सूत्रों ने कहा कि इन शिकायतों की सचाई की जांच के लिए इन्हें सीबीआई के पास भेज दिया गया है। एक वरिष्ठ सीवीसी अधिकारी ने कहा, हमें 2जी से संबंधित कुछ शिकायतें मिली हैं। उन्हें जांच के लिए सीबीआई के पास भेजा गया है। उन्होंने बताया कि नई शिकायतों में दूरसंचार मंत्रालय के कुछ अधिकारियों की भूमिका पर आपत्ति जताई गई है। अधिकारी ने हालांकि इस बारे में और जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि यह मामला अदालत में लंबित है। सूत्रों ने इस बात की जरूर पुष्टि की कि आयोग ने 2जी स्पेक्ट्रम मामले में अपनी रिपोर्ट सीबीआई को सौंप दी है और वह इस बारे में और जांच नहीं कर रहा है। सीवीसी को दूरसंचार लाइसेंस आवंटन की पहले आओ पहले पाओ की नीति में काफी अनियमितताएं और प्रक्रियागत खामियां मिली हैं। ऐसे कंपनियों को लाइसेंस दिया गया, जो इसकी पात्र नहीं थीं। रिपोर्ट में इस बात का भी उल्लेख है कि 2जी स्पेक्ट्रम दिए जाने में आपराधिक साजिश भी रची गई। अधिकारी ने कहा, सीबीआई और अन्य एजेंसियों को भेजी गई अपनी रिपोर्ट में हमने पहले ही कहा है कि प्रक्रियागत अनियमितताएं हुईं। सीबीआई इस मामले को देख रही है। नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) ने अपनी रिपोर्ट में 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन से सरकार को 1.76 लाख करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान का निष्कर्ष निकाला है। वहीं सीबीआई का अनुमान है कि इससे 22,000 करोड़ रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ। स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले की जांच सीबीआई द्वारा की जा रही है। सीबीआई ने इस मामले में राजा और उनके दो सहयोगियों आर के चंदोलिया तथा सिद्धार्थ बेहुरा को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा द्रमुक सांसद कनिमोई, द्रमुक के टीवी चैनल कलेंगनर टीवी के प्रबंध निदेशक शरद कुमार, बॉलीवुड के निर्माता करीम मोरानी और रिलायंस एडीएजी के कार्यकारी गौतम दोषी, हरि नायर और सुरेंद्र पिपारा भी इस मामले में आरोपी हैं। इस घोटाले में अन्य आरोपी हैं यूनिटेक लि. के प्रबंध निदेशक संजय चंद्रा, स्वान टेलीकाम के प्रवर्तक शाहिद उस्मान बलवा और विनोद गोयनका तथा कुसेगांव फूट्र्स एंड वेजीटेबल्स के आसिफ बलवा तथा राजीव अग्रवाल।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com