यह ख़बर 24 अप्रैल, 2011 को प्रकाशित हुई थी

2जी स्पेक्ट्रम की नीलामी का भविष्य अब भी अधर में

खास बातें

  • 2जी स्पेक्ट्रम की नीलामी को लेकर दूरसंचार मंत्रालय में मतभेद कायम हैं। 2जी स्पेक्ट्रम की उचित कीमत क्या हो, इस बात को लेकर मतभेद हैं।
नई दिल्ली:

भविष्य में 2जी स्पेक्ट्रम की नीलामी को लेकर दूरसंचार मंत्रालय में मतभेद अब भी कायम हैं। 2जी स्पेक्ट्रम की उचित कीमत क्या हो, इस बात को लेकर मतभेद हैं। दूरसंचार नियामक ट्राई ने स्पेक्ट्रम की दरों में छह गुना बढ़ोतरी की सिफारिश की है। 2जी स्पेक्ट्रम का मूल्य निर्धारण नई दूरसंचार नीति, 2011 का हिस्सा होगा और इस संबंध में अंतिम निर्णय पर पहुंचने के लिए चर्चा जोरों पर है। दूरसंचार मंत्री कपिल सिब्बल तंत्र में पारदर्शिता लाने के लिए स्पेक्ट्रम को लाइसेंस से अलग करने की पहले ही घोषणा कर चुके हैं। घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, स्पेक्ट्रम के मूल्य निर्धारण के लिए ट्राई की सिफारिशें मानी जाएं या 2जी स्पेक्ट्रम के लिए जब ऑपरेटर आवेदन करें तब अनिवार्य नीलामी कराई जाए, इस पर फिलहाल आम सहमति नहीं बन पाई है। संपर्क किए जाने पर दूरसंचार एवं आईटी राज्यमंत्री सचिन पायलट ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार किया। हालांकि उन्होंने कहा, आगे चलकर स्पेक्ट्रम के लिए बाजार के मुताबिक उचित कीमत निर्धारण व्यवस्था होनी चाहिए।


Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com