US Stock Market Today: अमेरिका-ईरान की बढ़ती टेंशन का असर अमेरिकी शेयर बाजारों पर दिख रहा है. सोमवार को अमेरिकी शेयर बाजार के बड़े इंडेक्स S&P 500 और नैस्डैक बढ़त के बाद नीचे आ गए. कारोबार की शुरुआत होते ही अमेरिकी बाजारों में बिकवाली का दबाव देखा गया. S&P 500 इंडेक्स 0.13% की गिरावट के साथ 7,116.71 पर खुला. वहीं, नैस्डैक 0.23% टूटकर 24,411.49 के स्तर पर आ गया. हालांकि, डाओ जोंस (Dow Jones) में ज्यादा कुछ नहीं बदला. ये 49,424.02 के लेवल पर एक जैसा बना रहा.
ईरान-अमेरिका की टेंशन ने बिगाड़ा खेल
ईरान और अमेरिका के बीच पहले दौर की शांति वार्ता बेनतीजा रही. इसके बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने का ऐलान किया. इसी उठा-पटक के बीच दुनियाभर के मार्केट में हलचल होती रही. निवेशक लगातार बिकवाली की तरफ जा रहे हैं.
कच्चे तेल की कीमतों में लगी आग
ब्रेंट क्रूड (Brent Crude) 3.50% की छलांग लगाकर 93.54 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 4.15% बढ़कर 86.02 डॉलर पर कारोबार कर रहा है. तेल की कीमतों में इस उछाल से महंगाई बढ़ने का डर है, जो फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों पर असर डाल सकता है.
टेक शेयरों की हालत खस्ता
बाजार की इस गिरावट में मैग्नीफिसेंट सेवन कही जाने वाली कंपनियों की हालत सबसे ज्यादा खराब है. मेटा के शेयर 2% से ज्यादा टूट गए. वहीं, एनवीडिया, अमेजन और टेस्ला के शेयरों में भी 1% से 1.3% तक की गिरावट आई. गूगल की पेरेंट कंपनी अल्फाबेट और माइक्रोसॉफ्ट भी लाल निशान में कारोबार करते दिखे. हालांकि इस गिरावट में भी एप्पल के शेयर 1.25% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं.
क्या बोले एक्सपर्ट
एक्सपर्ट का मानना है कि जब तक मिडिल ईस्ट में हालात ठीक नहीं होते तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव बना रहेगा. दुनियाभर के निवेशकों की नजर अब अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली दूसरे दौर की शांति वार्ता बैठक पर टिकी है. अगर सब कुछ ठीक रहा तो बाजार एक बार फिर से अपने नॉर्मल मोड में आ सकते हैं. लेकिन शांति पर बात नहीं बनी, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज बंद रहता है तो फिर हालात और गंभीर हो सकते हैं.
ये भी पढ़ें: हर साल 6% इंक्रीमेंट, 3.83 फिटमेंट फैक्टर! 6 बड़े अपडेट्स और सैलरी का पूरा कैलकुलेशन यहां














