भारतीय इकोनॉमी के एक नए और ऐतिहासिक अध्याय की शुरुआत के साथ, NDTV प्रॉफिट कॉन्क्लेव 2026 - 'India: The Real Deal' का कार्यक्रम संपन्न हुआ . यह कॉन्क्लेव ऐसे समय में हो रहा है जब भारत ने अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौता और यूरोपीय संघ (EU) के साथ एक ऐतिहासिक 'मदर ऑफ ऑल डील्स' (सबसे बड़ा समझौता) की ओर कदम बढ़ाए हैं. इस कॉन्क्लेव में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का एक बेहद अहम सत्र रहा, जिसमें उन्होंने 'बजट 2026: भारत पर दांव' (Budget 2026: Betting on India) विषय पर एक उच्च-स्तरीय संवाद का नेतृत्व किया. उनके संबोधन में भारत के राजकोषीय अनुशासन और विकास की प्राथमिकताओं के बीच संतुलन पर चर्चा हुई. वहीं, व्यापार और नीतियों, खासकर हालिया व्यापारिक समझौतों पर चर्चा के लिए केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मंच पर मौजूद रहे. उन्होंने भारत की व्यापार वार्ताओं और दुनिया के साथ रणनीतिक जुड़ाव के पीछे की असल कहानी पेश की.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की बड़ी बाते
- हर व्यापार समझौता निर्यातकों का हौसला बढ़ाता है
- भारत के लिए हर व्यापार समझौता महत्वपूर्ण है
- बैंकिंग और वित्त के क्षेत्र में जरूरत से ज़्यादा महत्वाकांक्षी नहीं होना चाहिए
- वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता और उतार-चढ़ाव को लेकर चिंता है
- विकास दर के आंकड़ों को लेकर यथार्थवादी रहना जरूरी है
- भारत AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, हम अपने साथियों से पीछे नहीं हैं
- AI में निवेश का रिटर्न (ROI) सबसे अहम फैक्टर नहीं है
- फंड फ्लो (निवेश का प्रवाह) अब एक भू-राजनीतिक हथियार की तरह इस्तेमाल हो रहा है
- STT बढ़ाने का मकसद गलत गतिविधियों को रोकना है
- कैपेक्स पर लगातार समीक्षा की जा रही है
- सभी प्रमुख मैक्रो-इकोनॉमिक संकेतक हाल के समय में सबसे बेहतर स्थिति में हैं
- वैश्विक चुनौतियां भारत के लिए बड़े जोखिम पैदा कर सकती हैं
- भारत की निजी क्षेत्र की भागीदारी विकास में जरूरी है
- ऊर्जा आत्मनिर्भरता पर खास जोर दिया जा रहा है
- FII के पैसे निकलने के बावजूद बाजार रिटेल निवेशकों की वजह से टिक पाया
- तमिलनाडु चुनावों को देखना दिलचस्प होगा
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: चाबहार पर क्या बोलीं वित्त मंत्री?
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: निवेशक को जागरूक होने की जरूरत
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि निवेशकों के लिए आज जागरूक होना बेहद जरूरी है. वेल्थ मैनेजर को आगे आना चाहिए और मार्केट के रिस्क के बारे में लोगों को बताना चाहिए.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: वित्त मंत्री ने प्राइवेट सेक्टर से की यह अपील
निर्मला सीतारमण ने प्राइवेट सेक्टर को अपील करते हुए कहा, "असली खतरा बाहर से आने वाली चुनौतियां हैं. भारत के निजी क्षेत्र को अब देश की तरक्की में आगे आकर हिस्सा लेना चाहिए. अब कोई भी बहाना नहीं चलेगा. अगर किसी के पास कोई वजह है, तो वह बताएं और अगर सरकार कहीं रुकावट बन रही है, तो मैं उसे दूर करने के लिए तैयार हूं. लेकिन अब आगे आइए और भारत की ग्रोथ में भागीदार बनिए.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: भारत को निवेश के लिए फ्रेंडली बनाना मकसद- निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "भारत को निवेश के लिए फ्रेंडली बनाना हमारा मकसद है. इसके लिए एआई की मदद ली जा रही है. देश में निवेश आने से इंफ्रा पर काम तेजी से होता है."
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: विजय का चुनाव पर असर पड़ेगा- निर्मला सीतारमण
निर्मला सीतारमण ने कहा कि "विजय का चुनाव पर असर पड़ेगा. लेकिन यह असर कितना होगा, यह अभी देखना बाकी है. असली सवाल यह है कि वह किस पार्टी के वोट काटेंगे. क्या वह डीएमके के समर्थकों, खासकर महिलाओं के वोट अपने साथ ले जाएंगे?" तमिलनाडु की राजनीति में महिलाओं की भूमिका बहुत मजबूत है. इसलिए उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के चुनाव इस बार देखने लायक होंगे.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: तमिलनाडु चुनावों पर निर्मला सीतारमण
तमिलनाडु चुनावों पर निर्मला सीतारमण ने कहा कि तमिलनाडु में चुनाव कड़ा मुकाबला होगा. उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि एनडीए गठबंधन मजबूत और एकजुट है और वह मिलकर बहुत संगठित तरीके से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने आगे कहा, "दूसरी ओर, सत्तारूढ़ डीएमके आत्मविश्वास में नहीं है. यह मेरा व्यक्तिगत आकलन नहीं है, बल्कि पिछले एक महीने में उनके व्यवहार से यह साफ दिखाई देता है."
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: क्रिप्टोकरेंसी और रियल मनी गेमिंग के सवाल पर क्या बोलीं निर्मला सीतारमण
क्रिप्टोकरेंसी और रियल मनी गेमिंग के सवाल पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि भले ही सब कुछ पूरी तरह नियंत्रण में न हो, लेकिन सरकार को यह जानकारी है कि क्रिप्टो और ऑनलाइन गेमिंग में कौन लोग काम कर रहे हैं और पैसों का लेन‑देन किस दिशा में हो रहा है.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: एसटीटी बढ़ाने पर क्या बोलीं वित्त मंत्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा, "अगर आप देखें, तो मैंने फ्यूचर्स और ऑप्शंस के अलावा किसी और चीज को नहीं छुआ है. इसमें जो थोड़ी‑सी बढ़ोतरी की गई है, उसका मकसद ज्यादा पैसा कमाना नहीं था, बल्कि लोगों को सावधान करना था. यह फैसला सिर्फ सुनी‑सुनाई बातों पर नहीं लिया गया है. सेबी की एक स्टडी में भी पाया गया कि फ्यूचर्स और ऑप्शंस में ट्रेड करने वाले 90% लोग नुकसान उठाते हैं. मैं यह नहीं कह रही कि यही एकमात्र तरीका है जिससे इस समस्या को पूरी तरह हल किया जा सकता है और मैं यह भी साफ कर देना चाहती हूँ कि आगे इसमें और कुछ करने का मेरा कोई इरादा नहीं है. हमें इसे आजमाकर देखना होगा."
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: देशों के आपसी रिश्ते निवेश के फैसलों को प्रभावित करते हैं- निर्मला सीतारमण
निर्मला सीतारमण ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश सिर्फ व्यापार या मुनाफे को देखकर नहीं आता. कई देशों की अर्थव्यवस्थाएं अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं और ऐसे सभी संकेत हैं जो निवेश को आकर्षित करते हैं. इसके बावजूद कई बार जितना निवेश आने की उम्मीद होती है, उतना नहीं आता.
उन्होंने कहा कि निवेश का प्रवाह कभी‑कभी बहुत कम हो जाता है. ऐसा इसलिए क्योंकि निवेशक सिर्फ व्यावसायिक फायदे ही नहीं देखते, बल्कि रणनीतिक हितों को भी बहुत महत्व देते हैं. यानी देशों के आपसी रिश्ते, राजनीति और दीर्घकालिक योजनाएं भी निवेश के फैसलों को प्रभावित करती हैं.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: हर व्यापार समझौता अहम होता है- निर्मला सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि, "हर व्यापार समझौता अहम होता है और इससे निर्यातकों और उन लोगों का हौसला बढ़ता है जो नए बाजार तलाश रहे हैं."
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: सरकार सेब किसानों की ऐसे कर रही मदद
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत सेब का आयात करता है. भारत में सेब का उत्पादन करीब 20–21 लाख टन है, जबकि खपत 26–27 लाख टन है. इसलिए हर साल भारत को लगभग 5.5 लाख टन सेब बाहर से मंगाने पड़ते हैं. सेब की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन उत्पादन उतनी तेजी से नहीं बढ़ पा रहा, जिससे कमी बनी रहती है.
इसके बाद उन्होंने बताया कि सरकार सेब किसानों की मदद और सुरक्षा के लिए क्या कर रही है. उन्होंने कहा कि सरकार ने सेब के आयात पर न्यूनतम आयात मूल्य तय किया है. मतलब कोई भी सेब ₹50 प्रति किलो से कम कीमत पर आयात नहीं कर सकता. इसके अलावा, सेब पर 50% आयात शुल्क भी है, जो लगभग ₹25 प्रति किलो पड़ता है. इस तरह जब सेब बंदरगाह (पोर्ट) पर पहुंचता है, तो उसकी न्यूनतम कीमत ₹75 प्रति किलो हो जाती है. इसके बाद परिवहन और अन्य खर्च भी जुड़ते हैं. इस तरह भारतीय सेब किसानों को कुल मिलाकर करीब ₹100 प्रति किलो तक की सुरक्षा मिलती है, ताकि सस्ते विदेशी सेब से उन्हें नुकसान न हो.
उन्होंने आगे बताया कि अमेरिका के साथ हुए एक समझौते में, सरकार ने सीमित मात्रा में ही सेब आयात की अनुमति दी है, जो अभी अमेरिका से होने वाले आयात से भी कम है. इस समझौते में भी सरकार ने शर्त रखी है कि न्यूनतम आयात मूल्य ₹80 प्रति किलो होगा और उस पर ₹20 की ड्यूटी लगेगी. ताकि भारतीय सेब किसानों के हित सुरक्षित रहें.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: भारत के किसानों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में होगा फायदा- पीयूष गोयल
पीयूष गोयल ने कहा कि ट्रेड डील में भारतीय किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं. उन्होंने बताया कि भारतीय किसानों को अपने उत्पाद विदेशों में बेचने के और ज़्यादा मौके मिलेंगे. कुछ देशों में भारतीय सामान बिना टैक्स के जाएगा और कुछ जगहों पर आयात‑निर्यात पर लगने वाला टैक्स घटकर 18% तक हो जाएगा. इससे भारत के किसानों और कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में फायदा होगा.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: भारत को इस व्यापार समझौते से बहुत फायदा होगा- पीयूष गोयल
पीयूष गोयल ने कहा कि भारत को इस व्यापार समझौते से बहुत फायदा होगा. उन्होंने बताया कि अमेरिका से हमें कई जरूरी चीजें मिल सकती हैं, जैसे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपकरण, डेटा सेंटर के उपकरण और क्वांटम कंप्यूटिंग की मशीनें. अभी इन चीजों को अलग‑अलग देशों से मंगाने में कई तरह की रुकावटें और नियम होते हैं. लेकिन भारत और अमेरिका के रिश्ते मजबूत होने और दोनों देशों के नेताओं के बीच अच्छी दोस्ती होने से ये दिक्कतें कम होंगी. इससे भारत को जरूरी तकनीक और सामान आसानी से और बिना रुकावट मिल पाएगा. साथ ही, हमें विमान के इंजन और उनके स्पेयर पार्ट्स भी जल्दी मिल सकेंगे, जो हमारे लिए बहुत जरूरी हैं.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: भारत अमेरिका को कहीं ज्यादा सामान बेच सकता है -पीयूष गोयल
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अमेरिका के साथ हुआ व्यापार समझौता भारत को दूसरे देशों के मुकाबले बड़ा फायदा देता है. उन्होंने बताया कि जिन देशों से भारत का मुकाबला होता है, जैसे चीन पर करीब 35% और वियतनाम पर लगभग 20% टैक्स लगता है, जबकि भारत पर यह दर कम है. इससे भारतीय उत्पाद ज्यादा प्रतिस्पर्धी बन जाते हैं.
पीयूष गोयल ने यह भी कहा कि भारत के कई कृषि उत्पाद और औद्योगिक सामान ऐसे हैं, जिन्हें अमेरिका में बिना किसी टैक्स के निर्यात किया जा सकता है और यह सुविधा आगे भी बनी रहेगी. उन्होंने जोर देकर कहा कि अमेरिका को भारत के निर्यात को बढ़ाने की संभावनाएं बहुत बड़ी हैं, यानी आने वाले समय में भारत अमेरिका को कहीं ज्यादा सामान बेच सकता है.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: किसानों की सुरक्षा और देशहित से कोई समझौता नहीं- पीयूष गोयल
वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने भारत की आर्थिक योजना के बारे में बताते हुए कहा कि देश में 500 अरब डॉलर के निवेश के लक्ष्य तक पहुंचने में 5–6 साल लग सकते हैं. यह भारत की तेज और बड़े स्तर की विकास योजना को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि नए व्यापार समझौते के तहत AI और डेटा सेंटर से जुड़े उपकरणों को काफी बढ़ावा मिलेगा, जिससे भारत की डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत होगी.
पीयूष गोयल ने साफ किया कि मांस, पोल्ट्री और डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में भारत ने कोई भी रियायत नहीं दी है. उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों की सुरक्षा और देशहित से कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोले पीयूष गोयल
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: विकसित भारत' की यात्रा में हम स्वीट स्पॉट पर, बोले पीयूष गोयल
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इस बात पर जोर दिया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते (India-US trade deal) की पूरी बातचीत के दौरान भारत का राष्ट्रीय हित हमेशा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार ने हर कदम पूरी स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ उठाया. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस प्रक्रिया को अपना पूरा समर्थन दिया और यह सुनिश्चित किया कि निर्णय लेने के उच्चतम स्तर पर सब कुछ सुव्यवस्थित रहे.
गोयल ने आगे कहा कि सरकार को इस प्रक्रिया में शामिल सभी पक्षों (stakeholders) का ईमानदार सहयोग मिला और अब इस समझौते के लिए देश भर से जबरदस्त सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है. उन्होंने इस बात पर बल दिया कि 'विकसित भारत 2047' के लक्ष्य की ओर बढ़ते हुए भारत आज एक 'स्वीट स्पॉट' (बहुत ही अनुकूल स्थिति) में खड़ा है, जहां यह व्यापार समझौता देश की आर्थिक प्रगति और वैश्विक स्थिति को और अधिक मजबूती प्रदान कर रहा है.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: डिफेंस बजट आवंटन पर बोले रक्षा सचिव, हम वित्त मंत्रालय के आभारी
डिफेंस सेक्टर पर केंद्रित एक सत्र में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने डिफेंस बजट के लिए वित्त मंत्रालय का आभार जताया. उन्होंने कहा, 'जब हमने 16वें वित्त आयोग के सामने अपना अनुमान रखा था, तो मैंने विशेष रूप से रक्षा मंत्रालय के 'कैपिटल आउटले' (पूंजीगत व्यय) में सालाना 19% की वृद्धि की मांग की थी. हम वित्त मंत्रालय के बहुत आभारी हैं. निश्चित रूप से, 'ऑपरेशन सिंदूर' के अनुभव का भी उन पर कुछ हद तक प्रभाव पड़ा होगा.'
उन्होंने आगे कहा, 'हम कुल कैपिटल आउटले में 21% की वृद्धि और बजट के आधुनिकीकरण (modernisation) वाले हिस्से में हुई बढ़ोतरी से बहुत खुश हैं.'
AMCA प्रोजेक्ट और निजी क्षेत्र की भागीदारी
AMCA (एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट) विमान के 5 प्रोटोटाइप बनाने के प्रोजेक्ट को निजी क्षेत्र (private sector) के लिए खोलने पर रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने कहा कि यह हम सभी के लिए एक 'लीप ऑफ फेथ' (अटूट विश्वास का कदम) था.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: इंडिया ग्रोथ स्टोरी पर सान्याल बोले- स्थिति काफी अच्छी
संजीव सान्याल ने कहा, महंगाई दर अभी 2% से भी नीचे चल रही है. मैक्रो इकोनॉमी के अन्य इंडिकेटर्स भी अच्छी स्थिति में हैं. 'करंट अकाउंट' ठीक-ठाक स्थिति में है और राजकोषीय घाटा (Fiscal Deficit) धीरे-धीरे कम हो रहा है.'
उन्होंने आगे कहा, 'आज बैंकिंग प्रणाली का नेट NPA स्तर गिरकर 0.5% पर आ गया है. दुनिया के किसी भी मानक के हिसाब से यह बहुत स्वस्थ स्थिति है. बैंकों के कैपिटल अच्छे हैं. इसलिए, यदि हम बिना किसी दबाव के इस तरह की विकास दर हासिल कर रहे हैं, तो मुझे लगता है कि हम इसे न केवल बरकरार रख सकते हैं, बल्कि यदि परिस्थितियां अनुकूल होती हैं (जैसे कि नए व्यापार समझौतों और अन्य चीजों की वजह से) तो हम भविष्य में इससे भी काफी उच्च विकास दर (higher growth rates) हासिल कर सकते हैं और उसे लंबे समय तक बनाए रखने में सक्षम हो सकते हैं.'
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: इकोनॉमी के लिए सस्ते संसाधन हमारी प्राथमिकता: संजीव सान्याल
रूसी तेल आयात पर प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार समिति सदस्य संजीव सान्याल ने कहा, 'यह हमेशा से रहा है कि हम भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए सस्ते संसाधनों (cheap resources) की तलाश में रहते हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'हमने कमोबेश यह स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में भी दुनिया को लेकर हमारा यही नजरिया रहेगा. इसका मतलब यह नहीं है कि हम अपने सहयोगियों के विचारों को ध्यान में नहीं रखेंगे, लेकिन हमारे सहयोगियों को भी यह समझना होगा कि हमारी अपनी जरूरतें और प्राथमिकताएं (imperatives) हैं, और मुझे लगता है कि कुछ आपसी तालमेल (adjustments) बिठा लिए जाएंगे.'
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: 'हमें वो मिल गया, जो हम चाहते थे', ट्रेड डील पर बोले PM के आर्थिक सलाहकार
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को पीएम के आर्थिक सलाहकार समिति के सदस्य संजीव सान्याल 'विन-विन डील' बताया. उन्होंने कहा, 'जहां तक मेरी समझ है, अब तक हमें जो जानकारी मिली है उसके अनुसार हमारे पास एक बहुत ही ठोस समझौता (solid deal) तैयार है. मेरी समझ यह है कि हमें वह मिल गया है जो हम चाहते थे, और मुझे लगता है कि अमेरिका को भी वही मिला है जो वे चाहते थे, इसलिए यह दोनों पक्षों के लिए एक अच्छा समझौता होना चाहिए.'
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: विदेशी निवेश और 'डाइवर्सिफिकेशन' से मिलेगी जीत
कॉन्क्लेव के एक अहम सेशन में देविना मेहरा ने 'साइक्लिकल सेक्टर्स' के व्यवहार और बाजार में जारी उतार-चढ़ाव पर टिप्पणी करते हुए इस बात पर जोर दिया कि लंबी अवधि के निवेश में सफलता के लिए डाइवर्सिफिकेशन (अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश) और एक बेहतर पोर्टफोलियो मिक्स सबसे महत्वपूर्ण बने हुए हैं.
वहीं, बाजार के परिप्रेक्ष्य में अपनी बात जोड़ते हुए, एन जयकुमार ने कहा कि हाल ही में हुए अमेरिका-भारत व्यापार समझौते ने अनिश्चितता के कई डरों को दूर करने में मदद की है, जिससे वैश्विक निवेशकों के बीच विश्वास बहाल हुआ है. उन्होंने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि यह समझौता विदेशी निवेश (Foreign Flows) की वापसी में मददगार साबित हुआ है, जो भारतीय बाजार के लिए बिल्कुल सही समय पर आया है.
जयकुमार ने फार्मास्युटिकल (दवा) सेक्टर पर भी सकारात्मक (bullish) आउटलुक बताया और संकेत दिया कि जैसे-जैसे वैश्विक परिस्थितियां भारतीय फार्मा कंपनियों के पक्ष में बन रही हैं, इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रबल संभावनाएं हैं.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: केपी ग्रुप के सीएमडी डॉ. फारूक पटेल बोले- 2030 तक चीन का मुकाबला करने में सक्षम होगा भारत
केपी ग्रुप (KP Group) के सीएमडी यानी चेयरमैन और प्रबंध निदेशक डॉ फारूक पटेल ने भरोसा जताया कि 2030 तक सौर (solar) और पवन ऊर्जा (wind turbines) के उपकरणों के मामले में भारतीय कंपनियां वैश्विक स्तर पर चीन का मुकाबला करने में सक्षम होंगी.
उन्होंने कहा, 'निश्चित रूप से, 2030 तक ऐसा होगा, कम से कम हमारे लक्ष्य तक पहुंचने के लिए. हम रिन्यूएबल सेक्टर, जैसे सोलर पैनल, इनवर्टर और निश्चित रूप से टर्बाइन वगैरह के मामले में इतने परिपक्व हो जाएंगे कि चीन से मुकाबला कर सकें.'
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: ट्रेड एग्रीमेंट से मजबूत होगा रुपया, बोले CEA नागेश्वरन
देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) वी अनंत नागेश्वरन का मानना है कि अमेरिका के साथ हुए ट्रेड समझौते से रुपया मजबूत होगा. उन्होंने कहा, 'मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना है कि अमेरिका के साथ हुए इस व्यापार समझौते के बड़े लाभार्थियों में से एक 'भारतीय रुपया' होगा.'
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates:'रूस हमारी जरूरतें समझता है', तेल आयात पर बोले अनंत नागेश्वरन
कच्चे तेल के आयात को लेकर CEA वी अनंत नागेश्वरन ने कहा कि रूस हमारी जरूरतों को समझता है. उन्होंने कहा, 'अगर मध्य-पूर्व (Middle East) में ईरान की स्थिति नियंत्रण से बाहर नहीं होती है और तेल की कीमतें स्थिर रहती हैं, तो तेल खरीद के नजरिए से भारत के लिए बहुत बड़ा फर्क नहीं पड़ेगा.'
उन्होंने कहा, 'रूस इस बात से वाकिफ है कि रोसनेफ्ट और लुकोइल (Rosneft and Lukoil) पर प्रतिबंधों की घोषणा के बाद भारत का सतर्क रहना स्वाभाविक था. हम अपने फाइनेंशियल सिस्टम्स को प्रतिबंधों के जोखिम में नहीं डालना चाहते थे, और रूस भी हमारी इन जरूरतों को समझता है.'
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: देश की तरक्की की नींव रखेंगे दोनों ट्रेड डील: CEA नागेश्वरन
देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) वी अनंत नागेश्वरन ने ट्रेड डील और कच्चे तेल के आयात पर महत्वपूर्ण टिप्पणियां की. हाल में ईयू और अमेरिका के साथ हुए व्यापार समझौतों पर मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) ने कहा कि ये साल काफी चुनौतीपूर्ण रहा है. उन्होंने कहा, 'मुझे ये कहते हुए खुशी हो रही है कि ये दो व्यापार समझौते (Trade Agreements) वित्त वर्ष 2026-27 के लिए अर्थव्यवस्था को बहुत मजबूती से तैयार कर रहे हैं.' उन्होंने स्पष्ट किया कि हाल ही में भारत ने अमेरिका और यूरोपीय संघ (EU) के साथ जो महत्वपूर्ण व्यापार समझौते किए हैं, वे अगले साल भारत की आर्थिक तरक्की की नींव रखेंगे.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर EY इंडिया के चेयरमैन राजीव मेमानी
भारत-अमेरिका ट्रेड डील को लेकर EY इंडिया के चेयरमैन और CEO राजीव मेमानी ने कहा, 'यह उन सेक्टर्स के लिए बहुत सकारात्मक है, जो बढ़ाकर 50% तक कर दिए गए टैरिफ (Tariffs) से प्रभावित हुए थे. इनमें से कई क्षेत्र श्रम-केंद्रित (labor-intensive) सेक्टर्स थे, जहां बड़ी संख्या में कामगार जुड़े हुए हैं.'
उन्होंने कहा, 'एक लेवल के बाद इनमें से अधिकांश कंपनियां MSMEs थीं, जिनकी आय का एक बड़ा हिस्सा पूरी तरह से अमेरिका को होने वाले निर्यात (Exports) से आता था. इसलिए, उनमें से कई के लिए यह उनके अस्तित्व (existential issue) का सवाल बन गया था.'
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: IDBI बैंक के विनिवेश पर क्या बोले DIPAM सचिव?
कॉन्क्लेव में सत्र के दौरान IDBI बैंक के विनिवेश पर बड़ा अपडेट सामने आया. NDTV प्रॉफिट के एक सवाल पर DIPAM सचिव डॉ. अरुणिश चावला ने कहा, 'हम अब अंतिम चरण में पहुंच गए हैं, जो कि मूल्यांकन (evaluation) और मंज़ूरी (approval) का चरण है. इस बारे में आपको मार्च के अंत तक, यानी वर्तमान वित्त वर्ष (current financial year) के खत्म होने तक और जानकारी मिल जाएगी.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: DIPAM सचिव बोले- हमारा काम विनिवेश नहीं, निवेश बढ़ाना है
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: DIPAM सचिव अरुणिश चावला ने साफ किया कि उनके विभाग का मकसद कंपनियों को बेचना नहीं, बल्कि उनमें निवेश बढ़ाना है. उन्होंने कहा, 'अब हम सिर्फ विनिवेश (Disinvestment) विभाग नहीं रहे. हम DIPAM हैं. हमारा काम निवेश बढ़ाना और सरकारी संपत्तियों का सही प्रबंधन करना है. हम आम निवेशकों और छोटे शेयरधारकों के जीवन में खुशहाली के दीये जला रहे हैं.
आगे उन्होंने कहा, 'आप जिस 80,000 करोड़ रुपये के लक्ष्य की बात कर रहे हैं, उसमें केवल पारंपरिक विनिवेश (कंपनियों की हिस्सेदारी बेचना) या पुरानी जमीन की बिक्री ही शामिल नहीं है. इसमें 'एसेट मॉनेटाइजेशन' यानी सरकारी संपत्ति से कमाई के वे सभी नए और आधुनिक तरीके शामिल हैं जिन्हें हम अपना रहे हैं.
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: राजेश शर्मा बोले- MSME और NBFC को मिलेगा बढ़ावा
कापरी ग्लोबल कैपिटल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजेश शर्मा ने कहा 'मैन्युफैक्चरिंग में MSME का योगदान लगभग 30% है और निर्यात में भी इसकी हिस्सेदारी लगभग 45% है, इसलिए वे एक बहुत ही महत्वपूर्ण स्तंभ हैं. अब यदि बजट में सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर खर्च और मैन्युफैक्चरिंग सर्विस सेक्टर पर अधिक ध्यान केंद्रित कर रहे हैं, तो इन सभी क्षेत्रों को अंततः बढ़ावा मिलने वाला है. और मुझे लगता है कि NBFC सेक्टर उन्हें 'लास्ट माइल कनेक्टिविटी' (अंतिम छोर तक पहुंच) प्रदान करने में मदद करेगा, जहां औपचारिक बैंकिंग प्रणाली उनकी मांग को पूरा करने में सक्षम नहीं है. ऐसा इसलिए है क्योंकि ये इकाइयां कागजी कार्रवाई और जटिल क्रेडिट आवश्यकताओं को पूरा करने के मामले में उतनी व्यवस्थित नहीं होती हैं.'
NDTV Profit Conclave 2026 Live Updates: एआई बदल रहा इंडस्ट्री की तस्वीर?
PB फिनटेक के को-फाउंडर, चेयरमैन और ग्रुप CEO यशिश दहिया ने AI के तेजी से बढ़ते प्रभाव पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, AI तेजी से एक आम वस्तु बनता जा रहा है. उन्होंने समझाया कि किसी भी अन्य वस्तु की तरह, इसकी कीमत लगातार घट रही है, जिससे उन्नत एआई क्षमताएं और ज्यादस सुलभ होती जा रही है. उनका मानना है कि ये अच्छा है और इससे AI सभी के लिए सुलभ हो जाएगा. इससे विभिन्न सेक्टर्स और यूजर्स ग्रुप में इसका व्यापक उपयोग संभव हो सकेगा. उन्होंने आगे कहा कि AI न केवल उपयोग में आसान है, बल्कि ये बहुत क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला भी है, जो इंडस्ट्रीज की तस्वीर बदल रहा है. साथ ही लोगों और व्यवसायों को अभूतपूर्व रूप से दक्ष बना रहा है.
किसान, युवा, महिलाएं... बजट में हर वर्ग को राहत: GVL नरसिम्हा राव
GVL नरसिम्हा राव ने कहा, 'इस बजट में किसानों, युवाओं, महिलाओं, हर वर्ग के लिए प्रावधान हैं. हर वर्ग को इस विकास से लाभ मिल रहा है, और इसीलिए लंबे समय बाद जीएसटी दरों में कटौती होने पर खुशी का माहौल है, जो छह महीने पहले, चार महीने पहले हुई थी. जीएसटी हर कोई अदा करता है. अमीर हो या गरीब, हर कोई जीएसटी अदा करता है, और उन्हें बहुत बड़ी राहत मिली है.'
भारत की विकास यात्रा पर क्या बोले जीवीएल नरसिम्हा राव
भारत की आर्थिक प्रगति पर पूर्व राज्यसभा सांसद जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा, 'महंगाई अपने सबसे निचले स्तरों में से एक पर है, जो काफी हद तक नियंत्रण में है. कम महंगाई से आम आदमी को फायदा क्यों नहीं होता? जब हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था हैं, तब वेतनभोगी वर्ग को फायदा क्यों नहीं होता? कल आरबीआई ने कहा कि उन्होंने इस साल के लिए अपने अनुमानों को और बेहतर करते हुए 7.3% की विकास दर का अनुमान लगाया है. क्या इससे मदद नहीं मिलती? वित्त मंत्री ने जिन तीन स्तंभों की बात की, मैं फिर से दोहराता हूं, मैं उनके भाषण पर वापस जाता हूं. उन तीन स्तंभों में उन्होंने विकास की बात की. उन्होंने समावेशिता की बात की.'
भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर क्या बोले इकोनॉमिस्ट प्रवीण चक्रवर्ती?
अर्थशास्त्री और अखिल भारतीय प्रोफेशनल्स कांग्रेस के चेयरमैन प्रवीण चक्रवर्ती ने 'अधिक व्यापार' की मांग करते हुए तर्क दिया कि अमेरिका ने व्यापार समझौते में बहुत ज्यादा प्रतिबद्धता नहीं दिखाई है.
भारत की असली ताकत को समझने का अवसर है ये कॉन्क्लेव
राष्ट्रीय शक्ति और औद्योगिक क्षमता पर चर्चा के लिए रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह के साथ कल्याणी ग्रुप के राजिंदर सिंह भाटिया और अदाणी डिफेंस के आशीष राजवंशी भी मौजूद रहेंगे. यह इस बात को दर्शाता है कि भारत की आर्थिक महत्वाकांक्षा और रणनीतिक लचीलापन अब एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं.
NDTV के सीईओ और एडिटर-इन-चीफ राहुल कंवल के मुताबिक, भारत की असली ताकत उसकी स्पष्टता और अभूतपूर्व विकास में है. ये कॉन्क्लेव उन मैक्रो-इकोनॉमिक प्रभावों और विकल्पों को समझने के बारे में है जो भारत के आर्थिक भविष्य की तस्वीर पेश करते हैं.
नीति निर्माता और उद्योग जगत के लीडर्स रखेंगे अपनी बात
निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव डॉ अरुणिश चावला और मुख्य आर्थिक सलाहकार वी अनंत नागेश्वरन आर्थिक दृष्टिकोण साझा करेंगे. इसमें प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल भारत के आर्थिक विकल्पों पर ऐतिहासिक और व्यापक दृष्टिकोण रखेंगे. कॉन्क्लेव में उद्योग जगत के बड़े चेहरे जैसे राजीव मेमानी (EY इंडिया और CII अध्यक्ष), राहुल भारती (मारुति सुजुकी) और राजेश शर्मा (कैप्री ग्लोबल) मैन्युफैक्चरिंग और वित्त पर अपनी राय रखेंगे.














