LPG सिलेंडर सीधे गोदामों से बेचने पर रोक, दिल्‍ली में घरेलू गैस पर सरकार का बड़ा आदेश- नहीं माने तो कार्रवाई तय

LPG Cylinders in Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने LPG वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए कड़े निर्देशों की घोषणा की है. अब गैस गोदामों से सीधे सिलेंडर बेचना पूर्णतः प्रतिबंधित होगा. ऐसा करना अवैध माना जाएगा और दोषी वितरकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.  

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
LPG Cylinder Sale ban from Godown: दिल्‍ली में LPG पर बड़ा सरकारी आदेश

LPG Cylinder: मिडिल ईस्‍ट में ईरान के साथ चल रही अमेरिका-इजरायल की जंग के चलते दुनियाभर के कई देशों में तेल और गैस का संकट पैदा हो गया है. वहीं भारत में आम लोगों पर इसका असर न हो, इसके लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है. पेट्रोलियम मंत्रालय ने शनिवार को लगातार किए जा रहे ऐसे ही प्रयासों के बारे में बताया. इनमें एलपीजी की आपूर्ति बढ़ाने, कालाबाजारी पर सख्‍त कार्रवाई करने, प्रवासी मजदूरों के लिए छोटू सिलेंडर सुगम कराने जैसे उपाय शामिल हैं. इस बीच दिल्‍ली सरकार ने भी LPG पर सख्‍त कदम उठाया है.

दिल्‍ली में LPG डिस्ट्रिब्‍यूशन व्‍यवस्‍था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सरकार ने गोदामों से सिलेंडरों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है. यानी दिल्‍ली में अब गोदामों से एलपीजी सिलेंडर नहीं बिकेंगे. ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) ने भी सभी डिस्ट्रीब्‍यूटर्स को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि गोदाम से सीधे सिलेंडर बेचना अवैध है और इस प्रकार की किसी भी गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

दिल्‍ली CMO का आदेश- गोदामों से न बेचे जाएं सिलेंडर 

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एलपीजी वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए कड़े निर्देशों की घोषणा की है.  मुख्यमंत्री के अनुसार, अब गैस गोदामों से सीधे सिलेंडर बेचना पूर्णतः प्रतिबंधित होगा. ऐसा करना अवैध माना जाएगा और दोषी वितरकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.    

दिल्‍ली CMO ने X Post में कहा, 'दिल्ली में एलपीजी वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए सरकार ने गोदामों से सिलेंडरों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. सभी वितरकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गोदाम से सीधे सिलेंडर बेचना अवैध है और ऐसी किसी भी गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.'

Advertisement

छोटू सिलेंडर की कमी नहीं 

दिल्‍ली में उपभोक्ताओं, विशेषकर प्रवासी श्रमिकों की सुविधा के लिए सरकार ने 5 किलोग्राम वाले छोटे सिलेंडरों की उपलब्धता बढ़ा दी है.     केंद्र के निर्देशानुसार, अब ये सिलेंडर बिना किसी पते के सत्यापन (Address Proof) के, केवल वैध पहचान पत्र दिखाकर गैस एजेंसियों से प्राप्त किए जा सकते हैं.

Advertisement

इसके अतिरिक्त, प्रवासियों की सहायता के लिए एचपीसीएल के चुनिंदा आउटलेट्स पर 11 विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जो नजदीकी वितरकों की जानकारी प्रदान करेंगे.

एलपीजी आपूर्ति की निगरानी 

मुख्यमंत्री  रेखा गुप्ता ने कहा है कि एलपीजी आपूर्ति की निरंतर निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा न आए और सभी नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित हो सके. नागरिकों को सलाह दी गई है कि वे गैस एजेंसियों या भंडारण स्थलों पर जाने या भीड़ लगाने से बचें, क्योंकि बुक किए गए सभी एलपीजी सिलेंडर निर्धारित समय के भीतर सीधे घर तक पहुंचाए जा रहे हैं.     

बुकिंग के 5वें दिन मिल जा रहा एलपीजी सिलेंडर 

चार अप्रैल के आंकड़ों के अनुसार दिल्ली में कुल 1,14,679 एलपीजी बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों द्वारा 1,31,335 सिलेंडरों की डिलीवरी की गई. डिलीवरी की संख्या बुकिंग से अधिक होना इस बात का संकेत है कि लंबित मांग को तेजी से पूरा किया जा रहा है और पूरी प्रणाली प्रभावी ढंग से काम कर रही है. वर्तमान में घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की औसत डिलीवरी समय 4.24 दिन है, जिससे उपभोक्ताओं को समयबद्ध और विश्वसनीय सेवा मिल रही है.    

कालाबाजारी के खिलाफ सख्‍त कदम 

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि अवैध गतिविधियों जैसे जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए सरकार ने एक समर्पित कंट्रोल रूम (हेल्पलाइन: 011-23379836 / 8383824659) भी संचालित किया है. प्रवर्तन गतिविधियों को और तेज करते हुए हाल ही में दिल्ली पुलिस द्वारा 17 स्थानों पर छापेमारी की गई, जबकि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने 76 गैस एजेंसियों और भंडारण स्थलों का निरीक्षण किया.  मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों को पुनः आश्वस्त किया है कि दिल्ली में एलपीजी आपूर्ति पूरी तरह सुव्यवस्थित और नियंत्रण में है. मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक डिलीवरी व्यवस्था पर भरोसा रखने की अपील की है.    

Advertisement

ये भी पढ़ें: रेगिस्‍तान से निकला 'काला सोना',  तेल के 13 नए कुएं! राजस्‍थान से आई गुड न्‍यूज, 70% क्रूड प्रोडक्‍शन बढ़ा, फॉर्मूला क्‍या है?

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान की नाक के नीच से Trump ने कैसे निकाल लिया अपना पायलट? | Dekh Raha Hai India