तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में सात दशक से ज्यादा समय तक काम करने वाली दिग्गज अभिनेत्री सौकार जानकी का शुक्रवार को 94 साल की उम्र में निधन हो गया. उनके निधन की खबर से साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. जूनियर एनटीआर, विष्णु मांचू और अभिनेता-निर्देशक प्रभुदेवा समेत कई कलाकारों ने उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि दी. सौकार जानकी का असली नाम शंकरमंची जानकी था. उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उनकी तबीयत खराब रहने लगी थी और उन्हें चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
कलाकारों ने दी श्रद्धांजलि
शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजकर 59 मिनट पर उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके निधन की खबर सामने आते ही सिनेमा से जुड़े लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए उनके परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की और उनके लंबे फिल्मी सफर को याद किया. जूनियर एनटीआर ने अभिनेत्री के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने एक्स पर तेलुगु में एक भावुक पोस्ट शेयर किया और लिखा, ''सौकार जानकी ने तेलुगु और भारतीय सिनेमा में अलग पहचान बनाई थी. उनके निधन की खबर बेहद दुखद है. उनका फिल्मी सफर और किरदार हमेशा लोगों की यादों में जिंदा रहेंगे. भगवान उनकी आत्मा को शांति दें.''
अन्य कलाकारों ने किया पोस्ट
विष्णु मांचू ने भी सौकार जानकी को याद करते हुए अपने पोस्ट में लिखा, ''सौकार जानकी के निधन से बेहद दुखी हूं. उनकी गरिमा, उनका व्यक्तित्व और शानदार काम हमेशा पीढ़ियों तक जिंदा रहेगा. आज के युवाओं को उनकी फिल्मों और उनके काम को देखना चाहिए और जानना चाहिए कि वह कितनी बड़ी और महान कलाकार थीं. उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है.'' अभिनेता और निर्देशक प्रभुदेवा ने भी सौकार जानकी के निधन पर श्रद्धांजलि दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर दुख जताया.
400 से ज्यादा फिल्मों में किया काम
सौकार जानकी का फिल्मी सफर बेहद लंबा और खास रहा. उन्होंने करीब 400 फिल्मों में काम किया और तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम सिनेमा में पहचान बनाई. सात दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. वह उन कलाकारों में शामिल थीं, जिन्होंने भारतीय सिनेमा के कई दौर आंखों के सामने बदलते देखे और हर दौर में अपनी जगह बनाए रखी. उनके योगदान को देश ने भी सम्मान दिया. भारतीय सिनेमा और कला के क्षेत्र में उनके लंबे योगदान के लिए भारत सरकार ने उन्हें साल 2022 में पद्मश्री से सम्मानित किया था.
ये भी पढ़ें: ‘बंटवारा 1947' के फ्लॉप होते ही निराश हुए आमिर खान और सनी देओल, टूट गए राजकुमार संतोषी
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं