मुंबईकरों के लिए यह एक आम दिन था, लेकिन कोलाबा के ओलंपिया कॉफी हाउस में चाय और कॉफी पी रहे मेहमानों के लिए यह एक खास दिन था. आखिर ऐसा हर दिन नहीं होता कि मशहूर डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन और हॉलीवुड के दो सुपरस्टार- टॉम हॉलैंड और मैट डेमन चाय पीने के लिए अचानक आ जाएं. इलियास चौधरी और आमिर चौधरी की 108 साल पुरानी इस जगह ने शनिवार शाम को द ओडिसी की टीम का स्वागत किया.
HT सिटी ने अपने रिपोर्ट में कहा, हमें पता चला है कि तैयारी शनिवार दोपहर 2:30 बजे शुरू हुई थी. ओलंपिया के मैनेजर इनायत मरेडिया ने एचटी से बताया, “उन तीनों के गेस्ट जो थे, वो पहले 2:30 बजे नाश्ते के लिए आए. उसके बाद वो कैफे के बाहर खड़े थे. हमको तो पता भी नहीं था कि जिनकी वो वेट कर रहे हैं, वो इतने बड़े हैं. बाद में जब गूगल किया तो मालूम पडा कि टॉम स्पाइडर मैन वाले एक्टर हैं.”
यह भी पढ़ें- धुरंधर सिंगर जैस्मीन सैंडलस ने कॉन्सर्ट के दौरान सगाई का किया ऐलान, मंगेतर से मिलवाया
स्टाफ को तब पूरी तरह से एहसास हुआ कि उनके बीच कोई फेमस है, जब नोलन, टॉम और मैट शाम 6 बजे सूट पहनकर अंदर आए तब भीड़ बढ़ने लगी. इनायत ने आगे बताया, “वे तीनों आए. चाय पी, बन मस्का खाया, बहुत हल्का नाश्ता किया. ज्यादा देर नहीं रुके क्योंकि भीड़ बहुत आ गई थी. बॉडीगार्ड आए थे, पुलिस थी. 10-15 मिनट से ज्यादा नहीं रुके.” द ओडिसी की टीम अभी इंडिया में है. शुक्रवार को एक फैन स्क्रीनिंग रखी गई, जिसके बाद शनिवार रात को प्रीमियर हुआ. फिल्म 17 जुलाई को थिएटर्स में रिलीज होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं