आजकल बॉलीवुड में स्टार किड्स का बोलबाला है. रवीना टंडन से लेकर श्वेता बच्चन और शाहरुख खान से लेकर आमिर खान तक के बच्चे बॉलीवुड में डेब्यू कर चुके हैं. कुछ को खूब तारीफ मिली तो कुछ को निराश होने पड़ा. वहीं ये तो एक आम धारणा है कि फिल्म स्टार्स के बच्चों को आसानी से काम मिल जाता है और उनके लिए एक्टिंग की दुनिया का रास्ता आसान होता है, लेकिन गोविंदा की बेटी टीना आहूजा ने तो ये कह कर चौंका दिया है कि पिता के नाम की वजह से ही उन्हें काम नहीं मिला. बता दें कि टीना ने 2015 में फिल्म सेकंड हैंड हस्बैंड से डेब्यू किया था, लेकिन उन्हें इसके बाद ज्यादा मौके नहीं मिले.
‘गोविंदा के नाम की वजह से नहीं मिला काम'
गोविंदा बीते कुछ समय से अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं. वहीं अब उनकी बेटी ने भी उन्हें लेकर हैरान करने वाली बातें कहीं है. हाल में टीना आहूजा अपनी मां सुनीता आहूजा के साथ रियालिटी शो ‘मां है न' में नजर आईं. यहां बातचीत के दौरान उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा, ‘मेरे सामने बस एक ही चैलेंज था कि कई फिल्ममेकर और कास्टिंग डायरेक्टर हमेशा मुझे कास्ट करने से कतराते थे. क्योंकि उन्होंने मेरे बारे में पहले से ही यह राय बना रखी थी कि वह (टीना) कभी लुक टेस्ट नहीं देगी, या वह कभी ऑडिशन के लिए नहीं आएगी. अगर गोविंदा जी सेट पर आकर कोई समस्या खड़ी कर दें तो? इसी सोच के कारण वे मुझे कास्ट करने से कतराते थे."

इसके पहले भी कई मौकों पर टीना इस तरह की बातें करती रही हैं. एक इंटरव्यू के दौरान 2025 में उन्होंने कहा था कि जब वह कहीं काम के लिए जाती हैं तो उन्हें ये कहा जाता है कि तुम्हारे तो घर में ही एक सुपरस्टार हैं तुम उन्हीं से क्यों नहीं सीखती हो.
टीना आहूजा का वर्कफ्रंट
टीना ने 2015 में फिल्म 'सेकंड हैंड हस्बैंड' से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी. इस फिल्म में उनके साथ गिप्पी ग्रेवाल थे. इसके अलावा वह गजेंद्र वर्मा के सुपरहिट म्यूजिक वीडियो 'मिलो ना तुम' (2019) और 'ड्राइविंग मी क्रेजी' (2020) में भी नजर आ चुकी हैं. टीना ने साल 2017 में आई फिल्म 'जिंदगी का रहस्य' में भी काम किया है. इसके साथ ही वह वेब और पॉडकास्ट प्रोजेक्ट्स में भी नजर आती रही हैं.
यह भी पढ़ें: सलमान खान की फिल्म का वो विदाई गीत, जो सुपरहिट होकर भी बना मनहूस, 35 साल से आज तक कभी नहीं बजा शादियों में
एक्टिंग के अलावा टीना वह एक ट्रेंड फैशन डिजाइनर भी हैं. वह अपने एक्सक्लूसिव स्टाइल स्टेटमेंट और लग्जरी फैशन व व्लॉगिंग के लिए जानी जाती हैं. सोशल मीडिया पर भी वह काफी एक्टिव रहती हैं. बीते दिनों गोविंदा और सुनीता के बीच चल रहे विवाद में वह मीडिया के सामने खुल कर बातें करती दिखी थीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं