कभी काम की तलाश में सड़कों पर पैदल भटकने वाला एक संघर्षशील कलाकार आज इंडस्ट्री का ऐसा नाम बन चुका है, जिसने बड़े-बड़े सितारों को पर्दे पर कड़ी टक्कर दी. हम बात कर रहे हैं प्रकाश राज की, जिन्होंने अपनी मेहनत और टैलेंट के दम पर साउथ से लेकर बॉलीवुड तक खास पहचान बनाई. शुरुआती दिनों में उन्हें छोटे-मोटे रोल के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. यही वजह है कि आज वह इंडस्ट्री के सबसे दमदार कलाकारों में गिने जाते हैं.
गरीबी में बीता जीवन
प्रकाश राज का बचपन बेहद गरीबी में गुजरा. उन्होंने खुद कई इंटरव्यू में बताया है कि उनके परिवार को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ा और उनकी मां ने परिवार को संभालने के लिए काफी संघर्ष किया. इन्हीं मुश्किल हालातों ने उन्हें मजबूत बनाया और आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. उनके करियर की शुरुआत 1990 के दशक में कन्नड़ फिल्मों से हुई, लेकिन असली पहचान उन्हें तमिल फिल्म डुएट से मिली. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और एक के बाद एक कई भाषाओं की फिल्मों में काम किया.
अजय-सलमान के साथ किया काम
बॉलीवुड में भी प्रकाश राज ने अपनी खास छाप छोड़ी. उन्होंने सक्मन खान की फिल्म वांटेड और अजय देवगन की फिल्म सिंघम में खतरनाक विलेन बनकर दर्शकों का दिल जीत लिया. उनकी एक्टिंग इतनी प्रभावशाली रही कि हीरो पर भी भारी पड़ते नजर आए. हालांकि, उनकी निजी जिंदगी में एक बड़ा दर्द भी आया. साल 2004 में उन्होंने अपने 5 साल के बेटे सिद्धू को खो दिया, जो उनके जीवन का सबसे कठिन दौर था. इस हादसे ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया, लेकिन उन्होंने खुद को संभाला और काम के जरिए आगे बढ़ते रहे.
आज प्रकाश राज सिर्फ एक बेहतरीन अभिनेता ही नहीं, बल्कि अपनी बेबाक राय के लिए भी जाने जाते हैं. वह अक्सर राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर बोलते हैं, जिसकी वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ता है. फिर भी, वह बिना डरे अपनी बात रखते हैं और यही उन्हें सबसे अलग बनाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं