कल यानी 19 जून को साउथ और बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री काजल अग्रवाल अपना 41वां जन्मदिन मनाने जा रही हैं. मुंबई में जन्मी काजल अग्रवाल उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने तेलुगु, तमिल और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई. आज वह करोड़ों फैंस के दिलों पर राज करती हैं, लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि उनका फिल्मी सफर किसी बड़े धमाके से नहीं बल्कि एक छोटे से रोल से शुरू हुआ था. काजल ने अपने करियर की शुरुआत 2004 में रिलीज हुई फिल्म क्यूं! हो गया ना…से की थी, जिसमें उन्होंने ऐश्वर्या राय की बहन का किरदार निभाया था.
ऐश्वर्या राय की बहन बनकर किया था डेब्यू
काजल अग्रवाल का पहला रोल भले ही छोटा था, लेकिन इसी फिल्म ने उन्हें इंडस्ट्री में पहचान दिलाई. इसके बाद उन्होंने तेलुगु सिनेमा का रुख किया और 2007 में ‘चंदामामा' जैसी फिल्मों से चर्चा में आईं. हालांकि असली सफलता उन्हें 2009 की ब्लॉकबस्टर फिल्म मगधीरा से मिली. इस फिल्म ने उन्हें साउथ सिनेमा की टॉप अभिनेत्रियों की कतार में ला खड़ा किया. इसके बाद ‘डार्लिंग', ‘मिस्टर परफेक्ट', ‘बिजनेसमैन', ‘थुप्पाक्की' और ‘मर्सल' जैसी कई सफल फिल्मों में उन्होंने काम किया.
‘सिंघम' से मिली पैन इंडिया पहचान
साउथ में सफलता के बाद काजल ने बॉलीवुड में दमदार वापसी की. साल 2011 में रिलीज हुई सिंघम में वह अजय देवगन के साथ नजर आईं. फिल्म सुपरहिट साबित हुई और काजल को पूरे देश में नई पहचान मिली. इसमें उन्होंने काव्या भोसले का किरदार निभाया था.

करियर के अलावा काजल अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी चर्चा में रही हैं. उन्होंने 2020 में बिजनेसमैन गौतम किचलू से शादी की थी और अब एक बेटे की मां हैं. सोशल मीडिया पर भी उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है, जहां लाखों लोग उनकी तस्वीरों और अपडेट्स का इंतजार करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं