सिनेमा की दुनिया में अकसर सितारों से जुड़े बड़े-बड़े नंबर सामने आते हैं. इन नंबरों के जरिये इन सितारों की स्टार पावर भी आंकी जाती है. अब एक ऐसा सितारा सामने आया है जिसने एक दिन की फीस 18 करोड़ रुपये ली है. अब ये सितारा ना तो बॉलीवुड के अमिताभ बच्चन हैं, ना ही शाहरुख खान, सलमान खान या आमिर खान, तो फिर कौन? बेशक आप भी सोचने पर मजबूर हो रहे होंगे कि यह कौन है. चलिए यह भी बता देते हैं कि इस एक्टर की उम्र 71 साल है. इस उम्र में भी इसकी एक्टिंग और एक्शन का कोई तोड़ नहीं हैं.
71 की उम्र में भी एक्टिंग का जलवा
अगर आप अभी तक अनुमान नहीं लगा पाए हैं तो आपको बता देते हैं कि ये एक्टर कमल हासन हैं. 'कल्कि 2898 एडी' के लिए कमंल हासन को एक दिन के 18 करोड़ रुपये दिए गए हैं. इस बात का दावा फिल्ममेकर और अभिनेता युगी सेतु ने किया है. उन्होंने यह जानकारी हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान दी.
युगी सेतु ने इंडियाग्लिट्ज को दिए इंटरव्यू में कहा, 'कमल सर का स्टेटस ही अलग है. 'कल्कि 2898 एडी' के लिए उन्हें 20 दिन की कॉल शीट पर 150 करोड़ रुपये मिल रहे थे. मैंने उनके जन्मदिन पर उन्हें बताया कि वे भारत के सबसे ज्यादा फीस वाले एक्टर हैं और प्रति दिन 1 मिलियन डॉलर कमा रहे हैं. लेकिन जब प्रोड्यूसर अश्विनी दत्त से बात हुई तो पता चला कि कमल हासन ने सिर्फ 10 दिन ही शूटिंग की है. इस तरह उन्हें हर दिन का 18 करोड़ रुपये मिला है.'
इस हिसाब से कुल 150 करोड़ रुपये सिर्फ 10 दिनों में कमाए गए, यानी रोजाना करीब 15-18 करोड़ रुपये. यह भारतीय सिनेमा में अब तक की सबसे ऊंची डेली फीस मानी जा रही है.
फिल्म ने कमाए थे 1000 करोड़ रुपये
'कल्कि 2898 एडी' 2024 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर में से एक थी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ से ज्यादा कमाए. नाग अश्विन निर्देशित इस साइंस-फिक्शन एपिक में प्रभास, अमिताभ बच्चन, दीपिका पादुकोण और कमल हासन मुख्य किरदारों में थे. कमल हासन का किरदार एक गॉड-लाइक विलेन का था, जो कॉम्प्लेक्स पर राज करता है.
फिल्म कल्कि सिनेमैटिक यूनिवर्स की शुरुआत थी, जो हिंदू माइथोलॉजी से इंस्पायर्ड हैय अब 'कल्कि 2898 एडी पार्ट 2' की शूटिंग चल रही है, जहां कमल हासन और अमिताभ बच्चन की जोड़ी 40 साल बाद फिर साथ नजर आएगी. अमिताभ ने हाल ही में सोशल मीडिया पर दोनों की मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं, जो फैंस के लिए एक्साइटिंग है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं