ओटीटी दर्शकों के लिए एक और चर्चित कहानी अब स्क्रीन पर आ चुकी है. मशहूर लेखक दिव्य प्रकाश दुबे के बेस्टसेलर नॉवेल मुसाफिर कैफे पर बनी इसी नाम की वेब सीरीज रिलीज होते ही दर्शकों की पहली पसंद बन गई है. 24 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर दस्तक देने वाली यह 8 एपिसोड की रोमांटिक ड्रामा सीरीज महज 24 घंटे के भीतर ही ट्रेंडिंग लिस्ट में पहले स्थान पर पहुंच गई. खास बात यह है कि इसने चर्चित रियलिटी शो लॉक अप सीजन 2 समेत कई नई रिलीज को पीछे छोड़ दिया और सोशल मीडिया पर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है.
विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना की तिकड़ी
मुसाफिर कैफे में विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो और महिमा मकवाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं. दिव्य प्रकाश दुबे के लोकप्रिय उपन्यास पर आधारित इस सीरीज का ऐलान होते ही फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था. किताब को पसंद करने वाले पाठक लंबे समय से इसकी स्क्रीन एडॉप्टेशन का इंतजार कर रहे थे. अब रिलीज के बाद इसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है.
रिलीज होते ही नेटफ्लिक्स पर छाई सीरीज

यह 8 एपिसोड की वेब सीरीज इस समय नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है. रिलीज के महज एक दिन के भीतर ही इसने प्लेटफॉर्म की ट्रेंडिंग लिस्ट में नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया. लॉक अप सीजन 2 सहित कई चर्चित टाइटल्स को पीछे छोड़ते हुए मुसाफिर कैफे लगातार चर्चा में बनी हुई है. रोमांस और इमोशन से भरपूर इसकी कहानी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है.
क्या है ‘मुसाफिर कैफे' की कहानी?
सीरीज की कहानी चंदर नाम के युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसकी जिंदगी प्यार और रिश्तों के उतार-चढ़ाव से गुजरती है. पहले उसे सुधा से मोहब्बत होती है, लेकिन रिश्ता टूटने के बाद उसकी मुलाकात प्रीति से होती है और दोनों करीब आने लगते हैं. हालांकि, प्रीति के मन में हमेशा यह डर बना रहता है कि अगर चंदर की जिंदगी में सुधा फिर लौट आई तो क्या होगा. इसी भावनात्मक उलझन और लव ट्रायंगल पर पूरी कहानी आगे बढ़ती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं