एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा इन दिनों नेटफ्लिक्स के रियलिटी शो लॉक अप का हिस्सा हैं. शो में वह अपने खेल और रणनीति से काफी चर्चा भी बटोर रही हैं. लॉक अप बिना फिल्टर वाला शो हैं, जिसमें कंटेस्टेंट अपनी कोई भी बात बिना फिल्टर के बोलते हैं. लॉक अप में सुनीता आहूजा को बातचीत में कई बार गाली देते हुए सुना गया है. उनके इस बर्ताव और रियलिटी शो में गाली वाले कल्चर में टीवी के मशहूर एक्टर सुधांशु पांडे ने रिएक्शन दिया है. सुधांशु पांडे छोटे पर्दे के चर्चित रियलिटी शो अनुपमा का हिस्सा रहे हैं.
ये भी पढ़ें; 'अल्फा' के साथ रिलीज हुई ये फिल्म बनी सबसे बड़ी डिजास्टर, 25 करोड़ लगाने के बाद मेकर्स को हुआ करोड़ों का घाटा
सुधांशु पांडे ने जाहिर की चिंता
सुधांशु पांडे ने हाल ही में अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फैंस के साथ लाइव किया. इस लाइव के दौरान उन्होंने रियलिटी शो में दी जाने वाली गालियों पर अपनी चिंता जाहिर की है. उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा है कि आज की ही नहीं पिछली पीढ़ियों को भी गाली वाला कल्चर काफी पसंद आ रहा है, जोकि बहुत गलत बात है. सुधांशु पांडे ने कहा, 'मैंने एक ओटीटी प्लेटफॉर्म के रियलिटी शो की क्लिप्स देखीं. वहां हर कोई एक-दूसरे को खुलेआम गालियां दे रहा था. लड़कियां तो लड़कों से भी ज्यादा गालियां बक रही थीं. यह देखकर हैरानी होती है कि कूल बनने का मतलब क्या हो गया है?'
सुनीता आहूजा के लिए क्या कहा
सुधांशु पांडे ने आगे कहा, एक सीनियर एक्टर की पत्नी, जो खुद उस शो का हिस्सा हैं, वो भी इसी तरह गालियां दे रही थीं. हम दुनिया के सामने क्या उदाहरण पेश कर रहे हैं? हम बड़े हो चुके हैं. अगर हम युवा पीढ़ी को सही रास्ता नहीं दिखाएंगे तो फिर हमारा क्या काम है? दो शब्द किसी की जिंदगी बदल सकते हैं. हमें हमेशा सोच-समझकर और सकारात्मक बोलना चाहिए. अगर गालियां देकर या किसी की बेइज्जती करके हम खुद को दिखाना चाहते हैं, तो समाज के तौर पर हम बर्बाद हो चुके हैं. लोगों को ऐसी चीजें पसंद आ रही हैं जो समाज के लिए नुकसानदायक हैं. न सिर्फ नई पीढ़ी, बल्कि पिछली पीढ़ियां भी इस बदलाव से प्रभावित हो रही हैं.
लोग क्या बोले
सुधांशु पांडे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. एक्टर के फैंस सहित तमाम सोशल मीडिया यूजर कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. वहीं कई सोशल मीडिया यूजर का मानना है कि सुधांशु पांडे ने गालियों को लेकर जो बात कही है वह लॉक अप की है. जिसमें सुनीता आहूजा ने भी हिस्सा लिया हुआ है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं