विज्ञापन
This Article is From Mar 06, 2026

श्रीदेवी थीं सख्त, नहीं चाहती थीं बेटी बने एक्टर, कहा था- मैं तुमको एक्ट्रेस बनते नहीं देखना चाहती

Sridevi Daughter: बचपन से एक्टिंग का सपना देखने वाली जान्हवी कपूर की मां श्रीदेवी चाहती थीं कि वह डॉक्टर बने. लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था.  

श्रीदेवी थीं सख्त, नहीं चाहती थीं बेटी बने एक्टर, कहा था- मैं तुमको एक्ट्रेस बनते नहीं देखना चाहती
श्रीदेवी की बेटी हैं जान्हवी कपूर
नई दिल्ली:

बॉलीवुड अभिनेत्री जान्हवी कपूर का नाम सुनते ही हर किसी के दिमाग में उनकी मां श्रीदेवी की तस्वीर जरूर आती है. जान्हवी ने अपनी मेहनत और लगन से खुद को इंडस्ट्री में साबित किया. उन्हें बचपन से ही एक्टिंग का बहुत शौक था, लेकिन उनकी मां श्रीदेवी नहीं चाहती थीं कि वे फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखें. वह चाहती थीं कि जान्हवी पढ़ाई पूरी करें और डॉक्टर बनें. जान्हवी कपूर का जन्म 6 मार्च 1997 को मुंबई में हुआ. वे श्रीदेवी और बोनी कपूर की बड़ी बेटी हैं. उनका परिवार लंबे समय से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा है. उनके दादा सुरिंदर कपूर भी फिल्म निर्माता थे, और उनके चाचा अनिल कपूर और संजय कपूर भी फिल्मों में सक्रिय हैं. जान्हवी भी फिल्मों में आना चाहती थीं, लेकिन श्रीदेवी उन्हें एक्टिंग से दूर रखना चाहती थीं.

श्रीदेवी रखना चाहती थीं एक्टिंग की दुनिया से बेटी को दूर

ट्विंकल खन्ना और काजोल के टॉक शो 'टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल' के एक एपिसोड में जान्हवी ने खुलासा किया था कि उनकी मां श्रीदेवी उन्हें एक्टिंग की दुनिया से दूर रखना चाहती थीं. उन्होंने बताया था कि उनकी मां श्रीदेवी कभी नहीं चाहती थीं कि मैं एक्टिंग करूं. जान्हवी ने इंटरव्यू में कहा, "मां खुद एक एक्ट्रेस होने की वजह से मुझे लेकर काफी प्रोटेक्टिव थीं. वह काफी सख्त थीं. उन्हें लगता था कि मैं बहुत भोली हूं और मैं बॉलीवुड में सर्वाइव नहीं कर पाऊंगी. वह चाहती थीं कि मैं डॉक्टर बनूं. वह मुझसे कहतीं, "मैं तुमको एक्ट्रेस बनते नहीं देखना चाहती. यह मेरे लिए सबसे खराब समय था.''

ये भी पढे़ं- नरगिस की अच्छी दोस्त थीं ये एक्ट्रेस, जिन्हें वह कहती थीं 'शम्मी आंटी', 90s में दूरदर्शन के शोज से हुईं पॉपुलर

बोनी कपूर ने श्रीदेवी को मनाया

हालांकि, पापा बोनी कपूर की मदद से उन्होंने अपनी मां को मना लिया और 2018 में बॉलीवुड में कदम रखा. जान्हवी ने अपना डेब्यू शशांक खेतान की फिल्म 'धड़क' से किया. इसमें उनके अपोजिट एक्टर ईशान खट्टर थे. यह फिल्म मराठी सुपरहिट फिल्म 'सैराट' की हिंदी रीमेक थी. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और जान्हवी को जी सिने अवॉर्ड फॉर बेस्ट फीमेल डेब्यू मिला. 

डेब्यू फिल्म के बाद मां का हुआ निधन

जान्हवी को अपने करियर की शुरुआत में उस वक्त बड़े दुख का सामना करना पड़ा, जब उनकी मां श्रीदेवी का निधन हो गया. 24 फरवरी 2018 को दुबई में अभिनेत्री श्रीदेवी का देहांत हुआ. उस वक्त जान्हवी की उम्र 20 साल थी. 'धड़क' के बाद जान्हवी ने कई चुनौतीपूर्ण भूमिकाएं निभाईं. 2020 में उन्होंने फिल्म 'गुंजन सक्सेना: द कारगिल गर्ल' में भारतीय वायुसेना की पायलट की भूमिका निभाई. उनकी एक्टिंग को खूब सराहा गया और उन्हें फिल्मफेयर पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया. 2022 में उन्होंने थ्रिलर फिल्म 'मिली' में एक ऐसी युवती का किरदार निभाया, जो फ्रीजर में फंस जाती है. इस भूमिका के लिए भी उन्हें फिल्मफेयर में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का नामांकन मिला. 2024 में जान्हवी कपूर ने तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री में भी कदम रखा. उन्होंने फिल्म 'देवरा: पार्ट 1' में जूनियर एनटीआर के साथ काम किया. अब वह राम चरण के साथ अपनी अपकमिंग फिल्म 'पेड्डी' को लेकर चर्चा में हैं.

ये भी पढे़ं- नागबंधम के पहले गाना नमो रे को देख भगवान नारायण की भक्ति में हो जाएंगे लीन, 1000 डांसर्स के साथ हुआ शूट

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sridevi, Janhvi Kapoor, Janhvi Kapoor Birthday, Janhvi Kapoor Age
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com